मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ:राहुल बोले- हम इंडियन स्टेट से लड़ रहे, BJP बोली- मानसिक जांच कराएं; 15 महीने बाद हमास-इजराइल में सीजफायर

नमस्कार, कल की बड़ी खबर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बयान की रही। एक खबर इजराइल और हमास के बीच 15 महीने बाद हुई सीजफायर से जुड़ी रही। लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर… अब कल की बड़ी खबरें… 1. राहुल बोले- भाजपा-संघ के साथ इंडियन स्टेट से लड़ रहे, भाजपा बोली- इनकी जंग देश से दिल्ली में कांग्रेस के नए दफ्तर के इनॉगरेशन के बाद राहुल गांधी ने कहा- RSS चीफ मोहन भागवत कह रहे हैं कि 1947 में भारत को सच्ची आजादी नहीं मिली थी। कांग्रेस न सिर्फ भाजपा और RSS, बल्कि इंडियन स्टेट (भारत सरकार) से भी लड़ाई लड़ रही है। इसके बाद BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा ने X पर लिखा, ‘राहुल ने स्पष्ट कर दिया है कि वे भारत से लड़ रहे हैं। वहीं केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा, ‘राहुल अपनी मानसिक स्थिति की जांच कराएं।’ दरअसल, मोहन भागवत ने 13 जनवरी को इंदौर में कहा था, ‘अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की तिथि ‘प्रतिष्ठा द्वादशी’ के रूप में मनाई जानी चाहिए, क्योंकि अनेक सदियों से दुश्मनों का आक्रमण झेलने वाले देश को सच्ची स्वतंत्रता इस दिन मिली थी।’ 46 साल बाद कांग्रेस ने दफ्तर बदला: करीब 46 साल बाद पार्टी ने अपना पता बदला है। नया पता है- ‘इंदिरा गांधी भवन’ 9A, कोटला रोड, नई दिल्ली। पहले पुराना ऑफिस 24, अकबर रोड था। नए दफ्तर की आधारशिला 2009 में पूर्व PM मनमोहन सिंह और सोनिया गांधी ने रखी थी। यह BJP मुख्यालय से 500 मीटर दूर है। इसे बनने में 252 करोड़ रुपए लगे।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 2. दिल्ली चुनाव: BJP नेता बोले- आतिशी सड़कों पर हिरनी जैसी घूम रहीं; केजरीवाल ने नामांकन भरा
दिल्ली की कालकाजी सीट से BJP उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी ने कहा, ‘आतिशी दिल्ली की सड़कों पर हिरनी के जैसे घूम रही हैं।’ इससे पहले भी बिधूड़ी आतिशी और प्रियंका गांधी पर कमेंट कर चुके हैं। CM आतिशी कालकाजी से चुनाव लड़ रही हैं। उधर, AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल ने नई दिल्ली सीट से नॉमिनेशन फाइल किया। केजरीवाल के पास ₹1.73 करोड़ की संपत्ति: चुनाव आयोग को सौंपे हलफनामे के मुताबिक, केजरीवाल के पास 1.73 करोड़ रुपए की संपत्ति है। उनके बैंक में ₹2.96 लाख, जबकि 50 हजार रुपए कैश हैं। केजरीवाल के पास घर और कार नहीं है। उधर, BJP उम्मीदवार प्रवेश वर्मा पर महिलाओं पर जूते बांटने के आरोप में FIR हुई। AAP ने नरेला और हरिनगर विधानसभा सीट पर उम्मीदवार बदल दिए हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 3. भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सबसे बड़ी जीत; आयरलैंड को 304 रन से हराया, रिकॉर्ड 435 रन बनाए
भारतीय महिला टीम ने राजकोट में आयरलैंड के खिलाफ तीसरा वनडे 304 रन से जीता। भारत ने 3 मैचों की सीरीज में क्लीन स्वीप किया। टीम की रनों के लिहाज से यह सबसे बड़ी जीत है। भारत की जीत का सबसे पहला रिकॉर्ड 249 रन का था, जब टीम ने 2017 में आयरलैंड को हराया था। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 5 विकेट पर 435 रन बनाए। आयरलैंड टीम 31.4 ओवर में 131 रन पर ऑलआउट हो गई। मंधाना सबसे तेज शतक लगाने वाली भारतीय: कप्तान स्मृति मंधाना ने 70 गेंद में शतक लगाया। वे वनडे में सबसे तेज शतक लगाने वाली भारतीय महिला क्रिकेटर बनी हैं। भारतीय टीम का 435 रन का रिकॉर्ड विमेंस वनडे का चौथा हाईएस्ट स्कोर है। हाईएस्ट स्कोर का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के नाम है। कीवी टीम ने 2018 में आयरलैंड के खिलाफ 491 रन बनाए थे।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 4. देश को एक साथ 3 नए युद्धपोत मिले; मोदी बोले- पहली बार डिस्ट्रॉयर, फ्रिगेट और सबमरीन एकसाथ कमीशन हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 3 वॉरशिप INS सूरत (डिस्ट्रॉयर), INS नीलगिरि (स्टेल्थ फ्रिगेट) और INS वाघशीर (सबमरीन) राष्ट्र को समर्पित किया। इन तीनों अल्ट्रा-मॉर्डन वॉर शिप से नेवी की ताकत बढ़ेगी। मोदी ने कहा, ‘यह पहली बार हो रहा है, जब एक डिस्ट्रॉयर, फ्रिगेट और सबमरीन को एकसाथ कमीशन किया जा रहा है। तीनों मेड इन इंडिया हैं।’ पूरी खबर यहां पढ़ें… 5. महाकुंभ में एंटी ड्रोन सिस्टम ने 9 ड्रोन गिराए; इन्फ्लुएंसर हर्षा को पेशवाई में रथ पर बैठाने पर विवाद महाकुंभ मेला क्षेत्र में बिना अनुमति के ड्रोन उड़ाने पर बैन है। यहा लगे एंटी-ड्रोन सिस्टम ने अब तक 9 ड्रोन मार गिराए हैं। वहीं, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हर्षा रिछारिया को रथ पर बैठाने को लेकर विवाद हो रहा है। इस पर कई संतों ने कहा कि धर्म को प्रदर्शन का हिस्सा बनाना खतरनाक है। महाकुंभ पहुंचे 10 देशों के मेहमान: 10 देशों के 21 डेलीगेट्स महाकुंभ में स्नान के लिए प्रयागराज पहुंचे हैं। डेलिगेशन में फिजी, फिनलैंड, साउथ अफ्रीका और UAE के सदस्य शामिल हैं। इन्हें महाकुंभ के लिए केंद्र सरकार ने इनवाइट किया था। महाकुंभ में 13 और 14 जनवरी को कुल 5.15 करोड़ लोगों ने स्नान किया। मौनी अमावस्या (29 जनवरी) के दिन 8 से 10 करोड़ श्रद्धालु पहुंच सकते हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 6. केजरीवाल पर शराब घोटाले में मनी लॉन्ड्रिंग का केस चलेगा, ED को गृह मंत्रालय ने मंजूरी दी
गृह मंत्रालय ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) को दिल्ली के पूर्व CM अरविंद केजरीवाल पर मनी लॉन्ड्रिंग का केस चलाने की मंजूरी दी है। दिल्ली के LG विनय सक्सेना भी केजरीवाल पर केस चलाने की इजाजत दे चुके हैं। ED को यह मंजूरी इसलिए लेनी पड़ी, क्योंकि सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि लोक सेवकों पर मुकदमा चलाने के लिए ऐसा करना होगा। ED ने पिछले साल आरोपी बनाया था: ED ने पिछले साल PMLA कोर्ट में केजरीवाल के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। इसमें शराब नीति घोटाले में केजरीवाल को आरोपी बनाया था। दिल्ली के एलजी वीके सक्सेना ने 11 जनवरी को ED को शराब नीति मामले में केजरीवाल के खिलाफ केस चलाने की इजाजत दे दी। ED ने 5 दिसंबर को एलजी से केजरीवाल के खिलाफ ट्रायल चलाने की अनुमति मांगी थी।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 7. इजराइल-हमास में 15 महीने बाद सीजफायर पर सहमति; ट्रम्प बोले- बहुत जल्द इजराइली बंधक रिहा होंगे इजराइल और हमास के बीच ​​​​​15 महीने से जारी जंग रोकने पर सहमति बनी है। हमास, गाजा में बंधक बनाकर रखे गए इजराइली नागरिकों को रिहा करेगा। बदले में इजराइल भी हमास के लोगों को छोड़ेगा। अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा, ‘हमारे पास मिडिल ईस्ट में बंधकों के लिए एक समझौता है। उन्हें जल्द रिहा किया जाएगा।’ जंग में 47 हजार लोग मारे गए: इजराइल-हमास के बीच 7 अक्टूबर 2023 से जंग चल रही है। इसमें दोनों तरफ के 47 हजार से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं। सीजफायर के लिए कतर की राजधानी दोहा में मिस्र, कतर और अमेरिका की मदद से बातचीत हुई थी। अब आगे क्या होगा: ​​​​इजराइल और हमास के बीच सीजफायर का पहला फेज 6 हफ्तों का हो सकता है। पहले फेज में हमास 33 बंधकों को रिहा कर सकता है, जिनमें 5 महिलाएं शामिल हैं। बदले में इजराइल 250 फिलिस्तीनी कैदियों को छोड़ेगा।
पूरी खबर यहां पढ़ें… आज का कार्टून By मंसूर नकवी… कुछ अहम खबरें हेडलाइन में… कुंभ मॉर्निंग ब्रीफ: देखिए लाखों रुद्राक्ष से बने 12 ज्योतिर्लिंग; आज शंकर महादेवन करेंगे परफॉर्म आज महाकुंभ का तीसरा दिन है। महाकुंभ में रोज क्या हो रहा है और अगले दिन क्या होने वाला है, उससे जुड़ी सारी जरूरी जानकारी के लिए हर सुबह देखिए ‘कुंभ मॉर्निंग ब्रीफ’। पूरी जानकारी के लिए यहां क्लिक करें.. अब खबर हटके… कुंभ मेले पर लिखा स्टीव जॉब्स का लेटर ₹4 करोड़ में नीलाम एपल के को-फाउंडर स्टीव जॉब्स की पत्नी लॉरेन पॉवेल महाकुंभ पहुंची हैं। इस बीच जॉब्स का साल 1974 में लिखा लेटर करीब 4.32 करोड़ रुपए में नीलाम हुआ है। इसमें जॉब्स ने कुंभ मेले के लिए भारत आने का प्लान अपने बचपन के दोस्त टिम ब्राउन को बताया था। लेटर लिखने के बाद जॉब्स उत्तराखंड स्थित नीम करोली बाबा के आश्रम गए थे, लेकिन नैनीताल पहुंचने पर उन्हें पता चला कि नीम करोली बाबा का पिछले साल (1973) में निधन हो गया था। इसके बाद वह कैंची धाम में आश्रम में रहे। उन्होंने भारत में 7 महीने बिताए। भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं… इन करेंट अफेयर्स के बारे में विस्तार से पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें… मेष और धनु राशि के लोगों को किस्मत का साथ मिलेगा। मिथुन राशि के लोगों को बिजनेस में सफलता मिल सकती है। जानिए आज का राशिफल… आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप… मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *