रीवा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। मॉर्निंग वॉक पर निकले बुजुर्ग व्यक्ति से लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।घटना 15 दिसंबर 2025 की है। फरियादी आतिव हुसैन पिता इजाजत हुसैन, निवासी धोबहा, मॉर्निंग वॉक के दौरान बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान अज्ञात बदमाश चोरी की मोटरसाइकिल से पहुंचे, उन्हें रोका और मोबाइल फोन व 5500 रुपए नकद लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर 16 दिसंबर को थाना सिटी कोतवाली में मामला दर्ज किया गया था। दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में आनंद उर्फ नंदू बंसल (24 वर्ष) और आशीष उर्फ चोवा बंसल (18 वर्ष), दोनों निवासी रानीतालाब बंसल बस्ती, थाना सिटी कोतवाली रीवा शामिल हैं। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने लूट की वारदात स्वीकार की। पुलिस ने उनके कब्जे से लूट में प्रयुक्त चोरी की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और 2000 रुपए नकद बरामद किए हैं। बरामद संपत्ति की कुल कीमत लगभग 50 हजार रुपए बताई जा रही है। सीएसपी राजीव पाठक ने बताया कि सिटी कोतवाली पुलिस की सतर्कता और टीम वर्क से इस वारदात का खुलासा किया गया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


