बड़वानी जिले के अंजड़ नगर में मोक्षदा एकादशी पर सोमवार को श्री श्याम मंदिर में भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। खटूश्याम कॉलोनी स्थित मंदिर में श्रद्धालुओं ने श्याम बाबा के सामने शीश नवाकर मत्था टेका। बाबा का आकर्षक फूलों से श्रृंगार किया गया था। सुबह से देर शाम तक भक्तों के आने का सिलसिला जारी रहा। कई भक्त निशान यात्रा लेकर भी मंदिर पहुंचे और बाबा को निशान अर्पित कर ‘हारे के सहारे’ के जयकारे लगाए। अल सुबह 5 बजे से पंडित बसंत शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्याम बाबा और मंदिर में स्थापित भगवान पशुपतिनाथ महादेव, श्री सालासर बालाजी, श्रीराम एवं श्रीकृष्ण दरबार का पूजन-अर्चन किया। सेवादारों द्वारा श्याम बाबा और सभी देवी-देवताओं का आकर्षक फूलों से श्रृंगार किया गया। सुबह 7:30 बजे श्याम बाबा की मंगला आरती की गई। सुबह 11 बजे और शाम 8:30 बजे भोग आरती हुई। शाम 7:30 बजे सांयकालीन महाआरती के बाद बाबा का भव्य और दिव्य दरबार सजाया गया, जहां ज्योत प्रज्वलित कर आहुतियां प्रदान की गईं। श्याम प्रसादी ग्रुप द्वारा विभिन्न फलों की प्रसादी वितरित की गई। देर रात्रि 11 बजे श्याम बाबा की शयन आरती कर मोक्षदा एकादशी के कार्यक्रम का समापन किया गया। वहीं, खाटूश्याम मंदिर का दूसरा पाटोत्सव (स्थापना वर्ष) महोत्सव 2 दिसंबर, मंगलवार को भव्य अंदाज में मनाया जाएगा। मंगलवार को सुबह 5 बजे से पंडित बसंत शर्मा द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्याम बाबा और अन्य स्थापित सभी देवी-देवताओं का विशेष पूजन-अर्चन किया जाएगा। सेवादारों द्वारा श्याम बाबा का देशी और विदेशी फूलों तथा आकर्षक बागा से मनमोहक श्रृंगार किया जाएगा। सुबह 7:30 बजे संगीत के साथ मंगला आरती की जाएगी। सुबह 11 बजे श्याम बाबा की बारस की ज्योत प्रज्वलित कर आहुतियां प्रदान की जाएंगी तथा श्याम बाबा को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाकर भोग आरती की जाएगी। शाम 4 बजे भंडारा प्रसादी में बनी भोजन प्रसादी का भोग लगाया जाएगा। सैकड़ों कन्याओं का पूजन-अर्चन कर उन्हें भोज करवाने के बाद भंडारा प्रसादी शुरू की जाएगी, जो देर रात्रि तक चलेगी। इसमें 15 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के प्रसादी ग्रहण करने की उम्मीद है।
मैदान तैयार कर बनाई भोजनशाला
भण्डारा प्रसादी हेतु मन्दिर के बगल में भव्य मैदान तैयार किया गया है जहां एक साथ हजारो भक्त बैठकर भोजन प्रसादी ग्रहण कर सकेंगे। मैदान में महिला एवं पुरुषों की बैठक व्यवस्था अलग-अलग की गई है। साथ ही लगभग 10 हजार स्क्वेयर फिट में भव्य भोजनशाला तैयार की गई है। पूड़ी सब्जी की बनेगी प्रसादी:
भण्डारा प्रसादी में 15 से 20 हजार श्रद्धालुओ के लिए मिक्स सब्जी व पूड़ी बनाई जाएगी तथा 2 क्विंटल नुक्तीदाने की महाप्रसादी बनाई जाएगी जिसे मन्दिर में दर्शनार्थियों को बांटी जाएगी।
मनमोहक विद्युतसज्जा
दूसरे पाटोत्सव पर श्याम मन्दिर को रंग बिरंगी आकर्षक विद्युतसज्जा से सजाया गया तथा मुख्य मार्ग से मन्दिर पहुच मार्ग तक रास्तेभर में पर्याप्त बिजली की व्यवस्था की गई।
सेवा में सैकड़ो श्यामभक्त दिनरात जूट हुए है। खाटूश्याम मन्दिर समिति ने क्षेत्र सहित नगर की धर्मपरायण जनता से उक्त भण्डारे में अधिक से अधिक संख्या में पधारक पुण्यलाभ लेने का आवाहन किया है।


