बालोद| गुरुवार को तुलसी पूजन दिवस के अवसर पर विश्व हिन्दू परिषद के जिला बाल संस्कार केंद्र में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व केंद्र प्रमुख पूजा जैन ने किया। बच्चों और केंद्र में सहयोग करने वाली दीदियों ने मिलकर मां तुलसी का पूजन, भजन-कीर्तन और गायत्री मंत्र का जाप किया। इस अवसर पर पूजा जैन ने बच्चों को तुलसी के पौधे का धार्मिक, औषधीय और वैज्ञानिक महत्व समझाया। उन्होंने बताया कि तुलसी घर में सकारात्मक ऊर्जा लाती है, नकारात्मकता दूर करती है, आयुर्वेद में इसे जड़ी-बूटियों की रानी कहा गया है और यह रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मदद करती है। हिन्दू धर्म में तुलसी को अत्यंत पवित्र माना जाता है, माता लक्ष्मी का स्वरूप कहा जाता है और भगवान विष्णु को तुलसी अति प्रिय है। कार्यक्रम में बच्चों को आरती की पुस्तक, कापी, पेन, रंगीन पेंसिल, बिस्कुट और चॉकलेट वितरित किए गए। इस अवसर पर सरोज श्रीवास, कलिन यादव, चमेली दीदी, रुखमणि नाग, चंचल चांडक दीदी सहित अन्य उपस्थित थे।


