मोगा पुलिस ने शरारती तत्वों पर नकेल कसने के विशेष अभियान के तहत एक व्यक्ति को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नूरपुर हकीमा के पास नाकाबंदी के दौरान कार्रवाई की। डीएसपी धर्मकोट रमनदीप सिंह ने बताया कि एसएसपी मोगा के निर्देशों पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान नूरपुर हकीमा में नाकाबंदी की गई थी। इस दौरान पुलिस ने राजविंदर राजू नामक व्यक्ति को रोककर तलाशी ली। तलाशी में उसके पास से एक 32 बोर की देसी पिस्तौल और 32 जिंदा कारतूस के साथ एक 315 बोर की पिस्तौल और 3 जिंदा कारतूस बरामद हुए। जांच में पता चला कि आरोपी राजविंदर राजू के खिलाफ पहले से ही नारकोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटांसेज (NDPS) एक्ट के तहत चार मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी, जिससे अवैध हथियारों के स्रोत और उनके इस्तेमाल की जानकारी मिल सके।


