पंजाब में मोगा के लाल सिंह रोड के पास एक कार, ई-रिक्शा, बाइक और साइकिल की टक्कर हो गई। इस हादसे में साइकिल सवार बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रुप से घायल हो गए। घायलों को सरकारी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। 65 वर्षीय बुजुर्ग बूटा सिंह के बेटे ने बताया कि आज उसके पिता साइकिल पर सवार होकर किसी काम से जा रहे थे। जब वह मोगा के लाल सिंह रोड के पास पहुंचे तो तेज रफ्तार कार ने एक बाइक को टक्कर मार दी। जिस कारण उसके पिता बूटा सिंह और एक ई-रिक्शा भी चपेट में आ गई। सड़क पर गिरने के कारण उसके पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग भी घायल हो गए। उन्होंने बताया कि एक समाज सेवी संगठन के कार्यकर्ताओं की ओर से घायलों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की जानकारी पाकर स्थानीय थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और बूटा सिंह के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।


