मोगा जिले के थाना बाघापुराना के अंतर्गत आते गांव थराज के पास एक बड़ा सड़क हादसा होने से टल गया। यहां एक तेज़ रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई और गहरी जगह में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि कार का अगला पहिया तक उखड़कर अलग हो गया, लेकिन राहत की बात यह रही कि कार चालक पूरी तरह सुरक्षित बच गया। जानकारी के अनुसार, बाघापुराना निवासी एक व्यक्ति अपनी कार में सवार होकर जा रहा था। जब वह गांव थराज के समीप पहुंचा, तो अचानक कार से उसका नियंत्रण छूट गया। बेकाबू कार सड़क किनारे पेड़ से टकराती हुई सड़क के नीचे गहरी जगह में जा गिरी। स्थानीय लोगों ने चालक को सुरक्षित निकाला बाहर टक्कर की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था और उसका एक पहिया निकल गया था। ग्रामीणों ने बिना देर किए मुस्तैदी दिखाते हुए चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई है। लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में हादसे की मुख्य वजह गाड़ी का अचानक अनियंत्रित होना माना जा रहा है। वहीं, हादसे के तुरंत बाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। वीडियो में एक स्थानीय व्यक्ति दुर्घटनास्थल से लाइव आकर पूरी घटना की जानकारी दे रहा है, जिसमें क्षतिग्रस्त कार और इकट्ठा हुई लोगों की भीड़ साफ दिखाई दे रही है।


