मोगा हाईवे पर भीषण हादसा, भाई-बहन की मौत:बेकाबू हुई थार, स्विफ्ट से टकराई, ट्रक में जा घुसी,लोहड़ी देकर लौट रहा था परिवार

पंजाब के लुधियाना में कस्बा जगराओं रविवार देर रात मोगा रोड पर स्थित परदेसी ढाबा के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार थार और स्विफ्ट डिजायर की आमने-सामने की टक्कर में स्विफ्ट डिजायर सवार भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि थार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे में शामिल थार वाहन का चालक इंद्रजीत सिंह (42), निवासी गांव गोइंदवाल, रायकोट बताया जा रहा है। टक्कर के बाद गंभीर रूप से घायल इंद्रजीत सिंह को पहले जगराओं के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसके परिजन उसे छुट्टी दिलवाकर आगे के इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले गए। थार हुई बेकाबू होकर स्विफ्ट डिजायर से टकराई,ढाबे पर खड़े ट्रक के नीचे घुसी प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंद्रजीत सिंह रविवार देर रात मोगा से लुधियाना की ओर जा रहा था। जैसे ही उसकी थार मोगा रोड पर परदेसी ढाबा के पास पहुंची, वाहन अचानक बेकाबू हो गया और सामने से आ रही सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर से जा टकराया। क्षतिग्रस्त कारों को खुले एयरबैग थार की जबरदस्त टक्कर से स्विफ्ट डिजायर पूरी तरह बेकाबू हो गई और सड़क किनारे ढाबे पर खड़े एक ट्रक के नीचे जा घुसी। हादसा इतना भयानक था कि स्विफ्ट डिजायर एयर बाग खुलने के बावजूद भी कार में सवार भाई-बहन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। टक्कर की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए। छोटी बहन के घर लोहड़ी देकर वापस लौट रहा था परिवार मृतकों की पहचान बाघा पुराना निवासी जबर सिंह और उसकी बहन हरदीप कौर के रूप में हुई है। दोनों की उम्र लगभग 34 से 45 वर्ष के बीच बताई जा रही है। बताया गया है कि दोनों भाई-बहन अपनी लुधियाना में रहने वाली छोटी बहन को लोहड़ी का त्योहार देकर देर रात वापस बाघा पुराना लौट रहे थे, तभी जगराओं के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया। खबर लिखे जाने तक मृतकों के परिजन सिविल अस्पताल जगराओं नहीं पहुंचे थे। फिलहाल दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जगराओं के सिविल अस्पताल में रखवाया गया है। सोमवार को पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *