मोटरसाइकिल को वाहन ने टक्कर मारी, युवती की मौत:छिंदवाड़ा में युवक की हालत गंभीर; शंकरवन मेले से लौटते समय हादसा

छिंदवाड़ा में बुधवार रात शंकरवन मेले से लौट रहे युवक-युवती के साथ बड़ा सड़क हादसा हो गया। चांद थाना क्षेत्र के ग्राम बाड़ीवाडा के पास अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार नवेगांव निवासी चांदनी (पिता विनोद दर्शनीय) और रोहित (पिता मनीराम गुरेरा अहीर) मोटरसाइकिल से शंकरवन मेले से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बाड़ीवाडा के पास किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चांदनी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल रोहित को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौरई पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद मृतका के परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मर्ग कायम कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *