ब्यावर |शहर की सड़कों पर पटाखा छोड़ी बाइक और ध्वनि प्रदूषण की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन ने मोडिफाइड साइलेंस लगे वाहनों के खिलाफ बुधवार को सख्त कार्रवाई शुरू की। इसके तहत विभिन्न क्षेत्रों से गुजरती पटाखों जैसी तेज आवाज करने वाली मोडिफाइड साइलेंस लगी चार बुलेट मोटरसाइकिलों को जब्त किया गया। यातायात पुलिस के हवलदार मेजर मंगलचंद ने बताया कि पुलिस अधीक्षक रतनसिंह ओर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र शर्मा के निर्देशानुसार बुधवार को यह अभियान चलाया गया। यातायात पुलिस की टीमों ने शहर के प्रमुख मार्गों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों के चैकिंग अभियान चलाकर ऐसे वाहनों की पहचान की, जो नियमों का उल्लंघन कर रहे थे। पुलिस द्वारा वाहन चालकों को सख्त चेतावनी दी गई कि भविष्य में यदि किसी भी वाहन पर दोबारा मोडिफाइड साइलैंसर लगाए हुए पाए गए तो उनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


