बैकुंठपुर | मोडिफाई सायलेंसर लगाकर बाइक चलाने पर पुलिस ने 9 हजार का चालान कर यातायात नियमों का पालन करने का सख्त संदेश दिया है। इससे पहले केवल सायलेंसर निकालने की कार्रवाई होती थी, जिससे बाइक चालक सबक नहीं ले रहे थे। 31 दिसंबर को अतीत खाखा (19), निवासी फूलपुर चरचा, अपने बाइक में मोडिफाई सायलेंसर लगाकर तेज गति से स्टंट करते पकड़े गए। बाइक की तेज आवाज राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बनी। कोरिया यातायात पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत 9,000 का चालान किया। एसपी कोरिया रवि कुमार कुर्रे ने कहा कि स्टंट करने वाले या मोडिफाई सायलेंसर वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी। 1 से 31 जनवरी 2026 तक छत्तीसगढ़ शासन के आदेश पर यातायात सप्ताह कार्यक्रम होगा।


