बुरहानपुर के श्री सकलपंच गुजराती मोढ़ वणिक समाज ट्रस्ट में इस बार ऐतिहासिक चुनाव होने जा रहा है। पहली बार एक महिला उम्मीदवार रूपश्री कमलेश गोविंदजीवाला ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया है। समाज के 22 वर्षों के इतिहास में यह पहला मौका है जब कोई महिला इस पद के लिए चुनाव लड़ रही है। चुनाव प्रक्रिया में कुल 9 लोगों ने नामांकन फॉर्म लिए थे। इनमें से 8 उम्मीदवारों ने 18 फरवरी शाम 5 बजे तक अपने नामांकन जमा कर दिए। उपेंद्र गुजराती ने फॉर्म लिया था, लेकिन जमा नहीं किया। नामांकन दाखिल करने वाले उम्मीदवारों में रमेश दलाल, रोशन दलाल, विजय शाह गांजेवाला, कमलेश शाह, विनोद सुगंधी, प्रेमचंद नागराज, रूपश्री गोविंदजीवाला और कमलेश गोविंदजीवाला शामिल हैं। रूपश्री गोविंदजीवाला ने अपने चुनावी एजेंडे में समाज के लिए चिकित्सा शिविर, छात्रवृत्ति, स्कूल और विवाह आयोजन जैसी सुविधाओं पर जोर दिया है। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, 19 फरवरी को नामांकनों की जांच होगी। 20 फरवरी को नाम वापसी की आखिरी तारीख है। उसी दिन शाम 5:30 बजे चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। मतदान 2 मार्च को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। मतगणना शाम 4:30 बजे से शुरू होगी और उसी दिन परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।


