अंबिकापुर के पुराना बस स्टैंड के पास संचालित प्रिया मोबाइल में सोमवार शाम भीषण आग लग गई। कुछ ही देर में दुकान की तीनों मंजिलें आग की चपेट में आ गईं। आगजनी से लाखों के नुकसान की आशंका है। सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची एवं आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। आगजनी का कारण शार्ट सर्किट बताया गया है। जानकारी के मुताबिक, पुराने बस स्टैंड में दुर्गाबाड़ी के सामने संचालित प्रिया मोबाइल दुकान में शाम करीब 8.30 बजे अचानक आग लग गई। आग कुछ ही देर में दुकान की तीनों मंजिल में फैल गई और दुकान में रखा सामान धू-धू कर जलने लगा। बताया गया है कि संचालक कुछ सामानों को दुकान से निकलने में सफल रहे, लेकिन फर्नीचर के साथ कुछ मोबाइल सेट भी आग की चपेट में आ गया। फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू
दुकान में आग लगने से अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। आग इतनी भीषण थी कि कोई आसपास भी नहीं जा पा रहा था। आग फैलकर बगल में स्थित सलीम मोबाइल दुकान तक भी पहुंच गई थी। आगजनी की सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड टीम को भी मशक्कत करनी पड़ी। रेनोवेट के बाद पांच दिन पहले खुली थी दुकान
प्रिया मोबाइल के संचालक मनीष अग्रवाल ने एक माह दुकान बंद कर अपनी दुकान को रेनोवेट कराया था। दुकान में शो रुम के हिसाब से सभी नए फर्नीचर एवं अन्य सामान लगाए गए थे। नए सिरे से वायरिंग कर साज सज्जा की गई थी। इसमें दुकान संचालक ने लाखों रुपए खर्च किए थे। दुकान को पांच दिनों पूर्व खोलने के पूर्व मोबाइल का नया स्टॉक एवं एसेसरीज भी लाए गए थे। दुकान में आगजनी का कारण शार्ट सर्किट बताया गया है। आगजनी से कितना नुकसान हुआ है, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच की जा रही है।


