सामाजिक दायित्व का निर्वाह करते हुए सीसीएल ने मंगलवार को झारखंड के वंचित ग्रामीण क्षेत्रों में निवारक और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एक मोबाइल मेडिकल यूनिट एंबुलेंस को रवाना किया। मोबाइल मेडिकल यूनिट को सीसीएल के मानव संसाधन निदेशक हर्षनाथ मिश्र ने वरिष्ठ अधिकारियों महाप्रबंधकों और विभाग अध्यक्षों की मौजूदगी में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सीसीएल की यह पहल राज्य के खनन क्षेत्र के आसपास रहने वाले समुदायों को समान और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करने के प्रति सीसीएल की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। सीसीएल के जनसंपर्क विभाग के अनुसार मोबाइल मेडिकल यूनिट जांच सुविधाओं से सुसज्जित है, जिसमें स्तन कैंसर जांच और आरटी पीसीआर के माध्यम से टीवी की जांच डायबिटीज की जांच सीबीसी हीमोग्लोबिन और ब्लड ग्रुपिंग जैसी आवश्यक लैब जांच सुविधा उपलब्ध कराई गई है।


