इंदौर के एमजी रोड पुलिस ने एक मोबाइल व्यापारी पर एक और एफआईआर दर्ज की है। जानकारी के मुताबिक एजेंट की मदद से कस्टमर्स के डॉक्यूमेंट्स का उपयोग कर दुकानदार ने लाखों का लोन लिया और हेरफेर किया। जब ग्राहकों को बैंक से इस बारे में जानकारी मिली, तो उन्होंने एजेंट और मोबाइल व्यापारी से संपर्क किया। लेकिन एजेंट ने मामले को लेकर धमकी दी। डीसीपी को शिकायत मिलने पर जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। एमजी रोड पुलिस ने आशीष गेहलोत (निवासी श्रीराम नगर, अड़ड़िया कांकड़), नंदाबाई खंडारे, राजकुमारी बाई, जीवनलाल सहित आधा दर्जन से अधिक लोगों की शिकायत पर सचिन (पुत्र घनश्याम यादव, निवासी पवन पुत्र नगर), हॉट स्पॉट दुकान के संचालक आशीष गुप्ता और अभय गुप्ता के खिलाफ धोखाधड़ी के मामले में केस दर्ज किया है। पुलिस जांच में पाया गया कि इन तीनों ने बैंक खातों पर लोन लिया। इसमें तीन ग्राहकों को कम पैसे दिए, वहीं कई उत्पादों के बदले पैसे लेकर उन्हें ग्राहकों को नहीं दिया गया। इस धोखाधड़ी में करीब 2 लाख 55 हजार रुपए का हेरफेर हुआ। 56 हजार का लोन स्वीकृत कराया फिर सचिन ने पैसे नहीं दिए इस मामले में आशीष की शिकायत में खुलासा हुआ कि सचिन एक लोन एजेंट है और किराना दुकान का संचालन भी करता है। पहले राहुल कपूर से लोन के संबंध में बात हुई थी, जिसने सचिन से मुलाकात करवाई। सचिन ने नॉवेल्टी मार्केट से प्रोडक्ट लोन करवाया। नवंबर 2023 में 56 हजार का लोन स्वीकृत कराया, लेकिन लोन के बाद भी सचिन ने पैसे नहीं दिए। इसके बाद जब पुलिस से शिकायत की बात हुई, तो सचिन ने एक बार में 25 हजार और दूसरी बार 10 हजार रुपए दिए और कहा कि वह दूसरे बैंक से लोन करा देगा। उसने एक और चेक लिया और 51 हजार का दूसरा लोन करवाया। इसमें भी एक बार 25 हजार और दूसरी बार 5 हजार रुपए दिए। लोन की राशि में से कमीशन के पैसे अपने पास रख लिए। बाद में, जब पहली किश्त आई, तो लोन का कुल अमाउंट 90 हजार रुपए होने का खुलासा हुआ। जब आशीष ने सचिन से बात की, तो उसने जवाब दिया कि अब पूरी पेमेंट तुम्हें ही करनी है। इसके बाद सचिन ने विवाद कर आशीष और उसकी पत्नी को अपशब्द कहे। उसने ब्लैंक चेक के जरिए धमकी दी कि अगर लोन नहीं चुकाया गया, तो वह चेक से लाखों रुपए निकाल लेगा। सचिन, हॉट स्पॉट के मालिक आशीष गुप्ता और अभय गुप्ता के साथ मिलकर यह धोखाधड़ी करता रहा। पुलिस ने जांच के बाद आरोपियों पर कार्रवाई की है।


