मोबाइल स्क्रीन टूटने पर 10वीं के छात्र ने खाया जहर:छतरपुर अस्पताल में भर्ती, बोला- फोन टूटने से मेरा दिल टूट गया था

छतरपुर जिले में मोबाइल फोन की स्क्रीन टूटने से परेशान क्लास 10वीं के 17 वर्षीय छात्र ने जहर खा लिया। परिजन उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है। छात्र को मेडिसन वार्ड में भर्ती किया गया है और डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर है। घटना छतरपुर जिला मुख्यालय से सटे सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गठेवर गांव की है। परिजनों के अनुसार, उसके मोबाइल की स्क्रीन टूट गई थी। उसने मां से स्क्रीन ठीक कराने की बात कही थी। मां ने कहा कि अभी पैसे नहीं हैं, बाद में ठीक करा देंगे। इसी बात से वह मानसिक रूप से परेशान हो गया। घर में रखा चूहामार जहर खाया मोबाइल स्क्रीन ठीक न होने से दुखी होकर छात्र ने घर में रखा चूहामार जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजनों को जानकारी मिलते ही उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे मेडिसन वार्ड में भर्ती कर ऑब्जर्वेशन में रखा है। छात्र बोला- दोबारा नहीं करूंगा ऐसी गलती इलाज के दौरान छात्र ने कहा कि मोबाइल टूटने से मेरा दिल टूट गया और मैंने जहर खा लिया, लेकिन मैंने गलती की है। अब ऐसा कभी नहीं करूंगा। अस्पताल प्रशासन ने मामले की सूचना अस्पताल चौकी को दी। इसके बाद अस्पताल चौकी द्वारा सिविल लाइन थाना को तहरीर भेजी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच और विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *