सिंगरौली जिले के मोरवा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 42 ग्राम हेरोइन के साथ एक महिला और एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक स्कूटी भी जब्त की गई है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 5 लाख 20 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस के अनुसार, शनिवार 8 फरवरी की दोपहर मोरवा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक लाल रंग की स्कूटी के जरिए हेरोइन की तस्करी की जा रही है। इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की जिसमें एक लाल रंग की स्कूटी (क्रमांक MP 66 ZE 2289) को संदेह के आधार पर रोका गया। स्कूटी चला रही महिला की पहचान डीबुलगंज, थाना अनपरा, जिला सोनभद्र (उत्तर प्रदेश) निवासी फुलकुमारी बसोर (31 वर्ष) के रूप में हुई। स्कूटी पर पीछे बैठे युवक की पहचान सोलंग, थाना मोरवा निवासी अब्दुल इस्मत बेग (26 वर्ष) के रूप में की गई। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से 42 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी कीमत लगभग 4 लाख 20 हजार रुपये बताई जा रही है। जब्त स्कूटी की कीमत करीब 1 लाख रुपये है। मोरवा थाना प्रभारी कपूर त्रिपाठी ने बताया कि मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ जारी है, ताकि हेरोइन के स्रोत और इसके सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके। नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 86/2026 के तहत स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम 1985 की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज किया है। उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में नशे के कारोबार से जुड़े अन्य खुलासे भी हो सकते हैं।


