15 अगस्त को मोरहाबादी मैदान में मुख्य कार्यक्रम का आयोजन होगा। 79वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रांची में राज्यपाल झंडोत्तोलन करेंगे। सुबह 9 बजे झंडोत्तोलन होगा। इसके बाद जवानों द्वारा परेड प्रस्तुत किया जाएगा और सलामी दी जाएगी। राजधानी रांची की ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में होने वाले मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस बार उपस्थित नहीं रहेंगे। अपने पिता दिशोम गुरु शिबू सोरेन के श्राद्ध कर्म के कारण वे नेमरा में हैं। उनकी जगह राजपाल संतोष कुमार गंगवार झंडोत्तोलन का दायित्व पूरा करेंगे। राज्य सरकार के आग्रह पर राज्यपाल पूर्व में ही अपनी अनुमति दे चुके हैं। सुबह से शहर में बड़े वाहनों का प्रवेश बंद इधर, स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है। 15 अगस्त को सुबह 6 बजे से शहर में बड़े वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। मोरहाबादी मैदान में वाहनों की भीड़ रोकने के लिए 16 ड्रॉप गेट बनाए गए हैं। टीआरआई व दुर्गा मंदिर के बगल से आम लोगों के वाहनों का प्रवेश होगा। मुख्य समारोह स्थल मोरहाबादी मैदान और आसपास में वाहन पड़ाव के लिए अलग से व्यवस्था की गई है। जवानों को निर्देश है कि निजी वाहन सवार किसी भी हाल में ड्रॉप गेट से आगे न जा पाएं। परेड में बिहार पुलिस की एक टुकड़ी भी शामिल इधर, बुधवार को मोरहाबादी मैदान में जवानों ने परेड का फुल ड्रेस रिहर्सल किया। इस दौरान डीसी मंजूनाथ भजंत्री और एसएसपी चंदन सिन्हा ने जवानों से सलामी ली। इस बार परेड में बिहार पुलिस की एक टुकड़ी भी शामिल है, जो झारखंड के जवानों के साथ कदमताल करते दिखेंगे। एनसीसी और रांची पुलिस की एक-एक महिला जवान भी परेड में दम-खम दिखाएगी। इस बार भी परेड का नेतृत्व महिला पुलिस अधिकारी ही करेगी। सहायक पुलिस अधीक्षक सुश्री श्रुति को इसकी कमान दी गई है। इस बार परेड में कुल 14 बटालियन शामिल है।


