शाजापुर जिले के मोहन बड़ोदिया में गुरुवार शाम सरस्वती शिशु मंदिर के एक स्कूली छात्र पर बाहरी युवकों ने हमला कर दिया। यह घटना शाम करीब 4 बजे स्कूल परिसर के पास हुई, जब 4 से 5 युवक एक छात्र के साथ मारपीट करने लगे। अचानक हुए इस हमले से स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल के शिक्षक मौके पर पहुंचे और हमलावर युवकों को पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान दो युवक शिक्षकों के हाथ लग गए, जबकि अन्य मौके से फरार हो गए। शिक्षकों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मोहन बड़ोदिया थाना क्षेत्र की डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पकड़े गए दोनों युवकों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। इस संबंध में मोहन बड़ोदिया थाना प्रभारी भीमसिंह पटेल ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों के बालकों के पालकों को थाने बुलाया गया था। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश दी, जिसके बाद आपसी सहमति से राजीनामा हो गया। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।


