मोहाली में आधी रात लड़की कार समेत अगवा:निहंगों की ड्रेस में थे आरोपी, पुलिस ने हरियाणा से दबोचे, पेशे से पाठी व ड्राइवर

पंजाब के मोहाली में फिल्म देखकर अपनी महिला दोस्त को घर छोड़ने जा रहे युवक से निहंगों की ड्रेस में आए चार युवकों ने पहले कार छीन ली और फिर उसकी महिला दोस्त को कार समेत लेकर फरार हो गए। हालांकि, रास्ते में उन्होंने लड़की को भी छोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और आरोपियों को हरियाणा के शाहबाद से दबोच लिया। छीनी गई कार भी पुलिस द्वारा बरामद कर ली गई। लेकिन अभी तक कार छीनने की वजह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस पड़ताल कर रही है। SSP मोहाली हरमनदीप सिंह हंस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी है। एक आरोपी की पहचान शमशेर सिंह निवासी गाजीपुर, थाना कलानौर, जिला गुरदासपुर के रूप में हुई है, जो पेशे से पाठी का काम करता है। जबकि दूसरा आरोपी सतनाम सिंह गांव रोणे कलां, थाना सदर खन्ना, जिला लुधियाना का रहने वाला है और कैब चलाता है। तीसरा आरोपी निर्मल सिंह निवासी जिला नवांशहर है और पेशे से सिक्योरिटी गार्ड है। चौथा आरोपी चंद्र मोहन उर्फ जैलदार निवासी गांव आजमपुर, थाना नवांशहर, जिला जम्मू के रूप में पहचाना गया है। वह भी पेशे से सिक्योरिटी गार्ड है। चारों आरोपी गत छह महीने से मोहाली में पीजी रह रहे थे। पुलिस मानकर चल रही है कि इलाके में हुई कई वारदातों यह शामिल थे। सारी घटना को तीन प्वाइंटों में जानें… 1. 11 और 12 जुलाई की रात को एक लड़का और लड़की मूवी देखकर कार में जा रहे थे। लड़का, लड़की को उसके घर छोड़ने जा रहा था। रात करीब एक बजे पुलिस को सूचना मिली कि लखनौर में निहंगों की ड्रेस में आए चार युवकों ने एक गाड़ी स्नैच की है। आरोपी लड़की को भी अगवा करके ले गए हैं। 2. जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पता चला है कि लड़का, लड़की मूवी देखकर जा रहे थे। उन्हें लखनौर में चार युवकों ने रोका, जो मोटरसाइकिल पर थे। इसके बाद तीन आरोपी कार में सवार हो गए, जबकि एक आरोपी बाइक पर रहा। करीब 100 मीटर चलने के बाद लड़के से मारपीट कर उसे कार से उतार दिया। 3. इसके बाद आरोपी कार समेत लड़की को लेकर फरार हो गए। पहले तो पुलिस को लगा कि लड़की को अगवा कर ले गए हैं। ऐसे में कोई बड़ी घटना न हो जाए। मोहाली के सारे थानों की पुलिस फील्ड में उतर गई। बाद में पता चला आरोपी लड़की को मोहाली के सीपी-67 मॉल के पास उतारकर फरार हो गए। इसके बाद पूरी टीमें रात को पड़ताल में जुटी रही। कंट्रोल रूम में कार की लोकेशन हरियाणा की तरफ मिली। सभी जगह से टाइपअप किया गया। कल दोपहर साढ़े 12 बजे पुलिस ने हरियाणा के कुरुक्षेत्र के शाहबाद थाना के चनारथल गांव के गुरुद्वारा से कार बरामद हुई। टोल प्लाजा का स्टाफ भी पीटा पुलिस की जांच में सामने आया है कि जब यह लोग भाग रहे थे तो उन्होंने टोल प्लाजा में तैनात स्टाफ से भी मारपीट की थी। कर्मचारी को थप्पड़ तक मारा था। जब मोहाली पुलिस पहुंची तो गाड़ी गुरुद्वारे में खड़ी थी। ऐसे में किसी भी तरह की कोई माहौल न गर्माए, पुलिस ने गांव के सरपंच, गुरद्वारा कमेटी व अन्य लोगों से संपर्क में लिया। जिसके बाद गाड़ी और चारों युवकों को काबू किया। गुरुद्वारा कमेटी के सहयोग से आरोपी पकड़े गए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *