मोहाली में साबुन-बिस्किट के गोदाम में आग:डेढ़ करोड़ का सामान जलकर हुआ राख, आग बुझाने पहुंची 30 फायर ब्रिगेड की गाडि़यां

मोहाली के इंडस्ट्रियल एरिया फेज-8बी में एक बड़े गोदाम में आग लग गई। आग बुझाने के लिए करीब 30 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि अभी भी गोदाम से धुआं उठ रहा। गोदाम के मालिक राहुल शर्मा ने बताया कि वह यहां साबुन, सर्फ और बिस्किट का स्टॉक रखते थे। माल कंपनी से सीधे मंगवाकर दुकानदारों को होलसेल में सप्लाई किया जाता था। गोदाम में रखा लगभग डेढ़ करोड़ रुपए से अधिक का सामान आग में जलकर पूरी तरह राख हो गया। रात को बुझी आग, सुबह फिर से भड़क उठी राहुल शर्मा ने बताया कि शुक्रवार रात 7 बजे के बाद गोदाम में आग लगी थी, जिसकी सूचना उन्होंने तुरंत फायर ब्रिगेड को दे दी। फायर ब्रिगेड की टीम रात में आग बुझाने के बाद वह करीब 2 बजे घर लौट गए। लेकिन सुबह 5 बजे केयरटेकर ने फोन करके बताया कि गोदाम में आग फिर से भड़क गई है। वह मौके पर पहुंचे तो अंदर से लपटें उठ रही थीं। उन्होंने दोबारा फायर ब्रिगेड को सूचना दी, जिसके बाद कई गाड़ियां फिर से आग पर काबू पाने के लिए पहुंचीं। फायर टीम की शुरुआती जांच में पता चला कि गोदाम के अंदर पड़े गत्ते में आग सुलगती रही, जिसकी वजह से रात में बुझाने के बाद भी आग दोबारा भड़क उठी। लगातार धुआं उठने की वजह भी यही थी। अंदर रखा सारा सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो चुका है। गोदाम के बाहर अभी भी धुआं उठ रहा है, जिसे खत्म होने में कुछ समय लगेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *