मौसम का हाल:जून में 36% कम बारिश, 4-5 दिन की झड़ी लगने के संकेत, इससे कमी हो सकती है पूरी

बारिश से बढ़ी ‘अमृतधारा’ की धार मानसून की दस्तक के साथ ही झमाझम बारिश से हसदेव नदी के अमृतधारा जलप्रपात की रफ्तार बढ़ गई है। सोनहत ब्लॉक के जंगलों के बीच स्थित यह जलप्रपात अब 50 फीट से बढ़कर 150 फीट चौड़ा हो गया है। आमतौर पर यह जलप्रपात जून के पहले सप्ताह में सक्रिय होता है, लेकिन इस बार मानसून देरी से पहुंचा, इसलिए जून के तीसरे सप्ताह में ऐसा रोमांच पर्यटकों को देखने के लिए मिल रहा है। मई में ताबड़तोड़ बारिश करने के बाद मानसून जून में थोड़ा खफा हो गया है। जून में अब तक हुई बारिश औसत से 36 फीसदी कम है, जबकि इसी मानसून ने मई में 373 फीसदी ज्यादा बारिश करा दी थी। अगले कुछ दिन प्रदेश में अच्छी बारिश की संभावना है। इससे जून के कोटे में दिख रही कमी के पूरे होने की संभावना है। प्रदेश में 26 मई को मानसून आ गया। मानसून के आते ही पूरे प्रदेश में जमकर बारिश हुई। इससे पहले प्री-मानसून ने भी छत्तीसगढ़ को तरबतर कर दिया था। मई के 31 दिनों में 77.5 मिमी बारिश हो गई। हालांकि इस महीने में बारिश का औसत महज 16.4 मिमी था। लगातार बारिश की वजह से इस साल मई में अच्छी गर्मी भी नहीं पड़ी। मानसून आने के बाद जून का महीना बारिश से भीगा रहता है। इसके विपरीत इस साल जून में अपेक्षा के अनुरूप बारिश नहीं हुई। जून के 24 दिन में महज 82.3 मिमी बारिश हुई है। जबकि औसत 127.8 मिमी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक पूरे प्रदेश में अच्छी बारिश के संकेत हैं। इस दौरान सरगुजा और बिलासपुर संभाग, बस्तर में कहीं-कहीं पर भारी बारिश होने की संभावना है। शेष छत्तीसगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश होगी। राजधानी रायपुर में भी बादल रहेंगे। एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। आगे क्या… नया विक्षोभ सक्रिय, 14 राज्य तरबतर होंगे, कई में भारी बारिश के आसार गुजरात-महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में मानसून जमकर बरस रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, पहाड़ों पर नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। इससे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड और लद्दाख में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। अगले 7 दिनों में मध्य, पूर्व और पूर्वोत्तर के कई हिस्सों में बहुत भारी बारिश हो सकती है। मध्य भारत के मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पूर्वी गुजरात और राजस्थान के कई हिस्सों में भी भारी बारिश के संकेत हैं। अगले 24 घंटों में पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में भी तेज बारिश हो सकती है। उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में 26 जून से मानसून सक्रिय होने के साथ बारिश तेज होने की संभावना है। पूर्वी भारत के बिहार, झारखंड और बंगाल में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *