पिछले दो दिन से 5 ये 8 किलोमीटर की रफ्तार से चल रही दक्षिण-पूर्वी हवा के कारण दिन और रात के तापमान में इजाफा हुआ है। रात और दिन का तापमान सामान्य से ऊपर चल रहा है। इससे लोगों को तेज सर्दी से राहत मिली है। अगले 24 घंटों के दौरान मौसम ऐसा ही बना रहने की संभावना है। हवा की दिशा में बदलाव के साथ फिर सर्दी जोर पकड़ेगी। स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा है। जबकि न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री रहा। यह भी सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा है। एक दिन पहले शुक्रवार को अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री दर्ज किया गया था। इस लिहाज से शुक्रवार की अपेक्षा शनिवार को अधिकतम तापमान में 1.1 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान में भी 1.1 डिग्री का इजाफा हुआ है। आज रहेंगे बादल, कल से बदल सकता है मौसम मौसम विशेषज्ञों के अनुसार रविवार को आसमान पर बादलों की आवाजाही रह सकती है। इससे तापमान में ज्यादा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है। मौसम में यह बदलाव दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और पाकिस्तान के ऊपर सक्रिय एक चक्रवातीय परिसंचरण के प्रभाव से हुआ है। हवा की दिशा में बदलाव के कारण सोमवार को फिर तापमान में गिरावट हो सकती है। 10 जनवरी को एक अद्यतन पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है। इसके बाद मौसम में बदलाव आ सकता है। सागर दूसरे दिन भी सबसे ज्यादा तापमान वाले शहरों में रात के तापमान में 1 डिग्री बढ़त के बाद लगातार दूसरे दिन सागर प्रदेश के सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान वाले 5 शहरों में शुमार रहा। आगर मालवा जिले का आगर 14.9 डिग्री तापमान के साथ पहले नंबर पर है। दूसरे नंबर पर नर्मदापुरम 13.1 डिग्री, तीसरे नंबर पर देवास जिले का कन्नौद 13.1, चौथे नंबर पर धार 13.0 तथा पांचवें नंबर पर 12.5 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ सागर रहा।


