भास्कर संवाददाता|सागर मौसम में हर रोज बदलाव देखने को मिल रहा है। 24 घंटे पहले तक जहां शहर में रात का पारा सामान्य से 3 डिग्री कम था, तो शनिवार-रविवार की रात आए उछाल के बाद सागर सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान वाले प्रदेश के टॉप-5 शहरों में शामिल हो गया। रविवार को सुबह से ही धुंध छाई रही, 11 बजे के बाद आसमान में बादलों ने डेरा डाल लिया, जिससे लोगों को ठंड से हल्की राहत मिली, लेकिन शाम होते ही शुरू हुई सर्द हवाओं ने फिर से ठिठुरन बढ़ा दी। पूर्वानुमान के अनुसार सागर जिले में सोमवार को कहीं-कहीं मध्यम कोहरे की संभावना है। वहीं संभाग के पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ व निवाड़ी में घना कोहरा रहेगा, जिसको लेकर मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री ज्यादा 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान में पिछले 24 घंटों में 2.7 डिग्री उछाल दर्ज किया गया और रात का पारा 11.6 डिग्री पर पहुंच गया। हालांकि मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अभी फिर से रात के साथ दिन के तापमान में गिरावट आएगी। रात का तापमान 9 से 10 डिग्री और दिन का तापमान 25-26 डिग्री तक रहने का अनुमान है।


