मौसम का हाल:बस्तर, पेण्ड्रा, अंबिकापुर में कड़ाके की ठंड, कोहरे के चलते विजिबिलिटी 10 मीटर

छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में ठंड और घने कोहरे ने जीना मोहाल कर दिया है। पेण्ड्रा और अमरकंटक क्षेत्र शनिवार को शीतलहर और घने कोहरे की चपेट में रहा। मौसम विभाग के अनुसार, पेण्ड्रा रोड का न्यूनतम तापमान इस साल के सबसे निचले स्तर 6.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जबकि मैदानी इलाकों में यह 4 डिग्री दर्ज हुआ। कड़ाके की ठंड के कारण सुबह चारों ओर ओस की बूंदें बर्फ की चादर की तरह जमी नजर आईं। कोहरा इतना घना था कि दृश्यता 10 मीटर से भी कम रह गई, जिससे सुरक्षा के लिहाज से कई स्कूलों ने समय बढ़ाकर 10 बजे कर दिया। वाहन चालक हेडलाइट जलाकर रेंगते नजर आए। खराब मौसम के बावजूद मॉर्निंग वॉक करने वालों ने इंदिरा उद्यान और खेल मैदानों में इस नजारे का जमकर लुत्फ उठाया। वहीं, सरगुजा संभाग में मौसम के बदलते मिजाज ने ठिठुरन बढ़ा दी है। शनिवार सुबह पूरा शहर घने कोहरे की सफेद चादर में लिपटा रहा, जिससे सड़कों पर दृश्यता (विजिबिलिटी) घटकर 50 मीटर से भी कम रह गई। घड़ी चौक सहित अन्य प्रमुख क्षेत्रों में सुबह 9 बजे तक धुंध छाई रही, जिसके कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पिछले 24 घंटों में 0.7 डिग्री की कमी के साथ शहर का न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में इस साल दिसंबर में अच्छी ठंड पड़ी है। राज्य के अधिकांश जगहों पर न्यूनतम तापमान पिछले एक दशक के रिकार्ड के करीब-करीब पहुंच गया। ठंड की अवधि भी अच्छी-खासी रही। यानी दिसंबर के 20 दिनों में लगातार अच्छी ठंड पड़ी है। इस दौरान राज्य के कुछ-कुछ हिस्सों में शीतलहर भी चली है। लगातार तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। दिसंबर महीने में एक-दो बारिश बारिश के हालात बनते हैं। इस साल अब तक यह स्थिति नहीं बनी है, जिसकी वजह से तापमान में वृद्धि नहीं हुई। सर्दी के सीजन में नमी बढ़ने पर रात के तापमान में वृद्धि आने लगती है। इस साल यह स्थिति अभी तक नहीं बनी है। रायपुर-दुर्ग हल्का कुहासा रहेगा मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले कुछ दिन घना कोहरा रहने की संभावना है। खासकर उत्तरी छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर, पेंड्रारोड, बिलासपुर सहित कुछ जगहों पर घना कोहरा रहेगा। इससे विजिबिलिटी काफी कम हो जाएगी। न्यूनतम तापमान में भी अगले तीन दिनों में दो से तीन डिग्री की क्रमिक वृद्धि होगी। मध्य छत्तीसगढ़ में भी कहीं-कहीं पर हल्का कोहरा रहेगा। खासकर राजधानी रायपुर और दुर्ग में हल्का कुहासा छाएगा। बस्तर में लगातार गिर रहा है तापमान
बस्तर में लगातार बढ़ रही ठंड से जहां दिन में भी लोगों को कंपकंपी से राहत मिलती नहीं दिख रही है, वहीं शहर में कहीं अलाव की व्यवस्था भी अब तक नगर निगम ने नहीं की है। सुबह घना कोहरा इस कदर छा रहा है कि विजिबिलिटी 50 मीटर भी नहीं रह गई है। इस हफ्ते तापमान के और नीचे आने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है। उत्तर से आ रही ठंडी व शुष्क हवाओं के बड़े पैमाने पर आने का सिलसिला लगातार जारी होने से तापमान में गिरावट हो रही है। गौरतलब है कि शनिवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री कम 8.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *