छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। पिछले 24 घंटे में दुर्ग रायपुर और बिलासपुर संभागों के कई जिलों में भारी बारिश हुई। सर्वाधिक बारिश दुर्ग में 130 मिमी दर्ज की गई। वहीं बालोद में 120 मिमी बारिश हुई। राजधानी के मंदिर हसौद इलाके में 90 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि रायपुर में बुधवार को 57 मिमी बारिश हुई। 9 जुलाई तक की स्थिति में पूरे प्रदेश में 333 मिमी बारिश हो चुकी है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 3 जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इनमें रायगढ़, बालोद और मोहला मानपुर शामिल हैं। इसके अलावा दुर्ग, धमतरी समेत 10 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। रायपुर, बिलासपुर समेत 16 जिलों में बारिश को लेकर यलो अलर्ट है। कबीरधाम में दो अलग-अलग जगहों पर बिजली गिरने से 3 बैगा महिलाओं की मौत हो गई। कुकदूर थाना क्षेत्र में भल्लीन दादर गांव निवासी तिहरी बाई पति ज्ञान सिंह (45) और राम बाई पति भगत सिंह (30) मंगलवार को चरोटा भाजी तोड़ने रूख्मीदादर मुख्य मार्ग से करीब 300 मीटर दूर पहाड़ की ढलान पर गई थीं। बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे छतरी लेकर खड़ी थीं। तभी बिजली गिरने से दोनों की मौत हो गई। वहीं, भौराटोला गांव धान का रोपा लगाकर घर लौट रही रामयती उर्फ रामप्यारी पिता रमहु बैगा (16) पर बिजली गिरी, जिससे उसकी मौत हो गई।


