मौसम के तेवर बदले… दिन में चढ़ा पारा, रात में लौटी ठंड

भास्कर न्यूज | बलौदाबाजार जिले में मौसम के मिजाज में बदलाव नजर आने लगा है। बीते दो दिनों से दोपहर के समय हल्की गर्मी महसूस की जा रही है, जबकि रात के समय ठंड का असर अब भी बना हुआ है। शनिवार को दिन का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री रहा। यानी दिन में गर्मी और रात में ठंड का दोहरा असर लोगों को महसूस हो रहा है। सुबह के समय आसमान में हल्के बादल नजर आए, लेकिन धूप निकलते ही तापमान तेजी से बढ़ा और दोपहर में पहली बार इस सीजन में लोगों को गर्मी का अहसास हुआ। हालांकि अभी गर्मी सहन करने लायक है, लेकिन तापमान में दिन-रात के अंतर से मौसमी बदलाव का संकेत मिलने लगा है। मौसम विभाग ने आगामी दो दिनों में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी की संभावना जताई है। बीते 24 घंटे में न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री गिरकर 12.2 डिग्री पर आ गया, जबकि एक दिन पहले यह 13.8 डिग्री था। अधिकतम तापमान में भी हल्की गिरावट दर्ज की गई, लेकिन दोपहर की गर्मी महसूस की जा रही है। मौसम वैज्ञानिक एनपी थॉमस के अनुसार जिले में दिन और रात के तापमान के बीच लगभग 17 डिग्री का अंतर दर्ज किया गया है। इसी बड़े गैप के कारण सुबह और शाम ठंड, जबकि दोपहर में गर्मी का असर बढ़ रहा है। आने वाले दिनों में दिन के घंटे बढ़ेंगे और रात छोटी होगी, जिससे दोपहर की गर्मी और अधिक महसूस की जाएगी। हालांकि फिलहाल तापमान सामान्य सीमा में है और गर्मी तीव्र स्तर पर नहीं पहुंचेगी। मौसम के इस बदलते मिजाज से संकेत मिल रहे हैं कि सर्दी अब धीरे-धीरे विदा ले रही है और आने वाले दिनों में गर्मी का असर बढ़ने की संभावना है। पिछले वर्षों में जनवरी माह में भी तापमान असामान्य रूप से बढ़ा है। जनवरी 2023 में अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री तक पहुंच गया था, जबकि 2021 में यह 33.4 डिग्री दर्ज हुआ। 2016 में 32.8 डिग्री, 2025 में 32.4 डिग्री, वहीं 2024 में 29.8 डिग्री और 2020 में 28.9 डिग्री अधिकतम तापमान रिकॉर्ड हुआ। 2017 और 2019 में यह 31 डिग्री से ऊपर नहीं गया था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *