मौसम में उतार-चढ़ाव जारी:रांची में दिन का तापमान 2.3 डिग्री गिरने से बढ़ी कनकनी, रात का पारा सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक होने से हल्की राहत

रांची सहित राज्यभर के मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। धुंध के आगोश में राजधानी समाई हुई है। इसका असर प्लेन और ट्रेन सेवा पर दिख रहा है। मंगलवार को भी सुबह धुंध की वजह से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर विमान नहीं उतर सके। वहीं करीब आध दर्जन ट्रेन लेट पहुंची हैं। रांची में दिन का अधिकतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे। धूप नहीं निकलने से हवा की नमी से कनकनी बढ़ गई। हालांकि, रात का पारा बढ़ने से पिछले कुछ दिनों से बढ़ी ठिठुरन से राहत मिली। रांची में पिछले 24 घंटे में रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 12.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। रांची में पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे ठंडा क्षेत्र कांके रहा। कांके का अधिकतम तापमान 23.3 डिग्री और न्यूनतम 8.4 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया। वहीं मैक्लुस्कीगंज का अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया। रात के तापमान में हो रही बढ़ोतरी रांची के अलावा अन्य शहरों में दिन के तापमान में गिरावट और रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। डालटनगंज का अधिकतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस गिरकर 18.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया हैै। वहीं न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री बढ़कर 12.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। आज छह जिलों में कोहरे का यलो अलर्ट जारी मौसम केन्द्र रांची के अनुसार बुधवार से अगले चार दिन सुबह में कोहरा के साथ बादल छाया रहेगा। 15 जनवरी को न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट होने की संभावना है। इसके बाद अगले चार दिनों तक इसमें कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। ऐसे में धूप नहीं खिलने से हल्की कनकनी बढ़ेगी। बुधवार को छह जिलों में घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया गया है। गढ़वा,पलामू, लातेहार, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा में घने कोहरा छाया रहेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *