उमरिया जिला मुख्यालय सहित पूरे जिले में मौसम में अचानक बदलाव आया है। पिछले तीन दिनों से सुबह के समय घना कोहरा छा रहा है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। शुक्रवार को भी घने कोहरे के कारण आवागमन बाधित रहा और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जिले में तापमान में अचानक 6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जबकि विजिबिलिटी मात्र 95 मीटर रही। कोहरे और ठंड के कारण शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और लोग घरों से बाहर निकलने से बचे। सुबह 10 बजे तक धूप नहीं निकलने से ठंड में वृद्धि हुई। किसान बोले-फसलों में माहू रोग लगने की आशंका मौसम में आए इस बदलाव से किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। घने कोहरे के कारण सरसों और चना की फसलों में माहू रोग लगने की आशंका है। मौसम विभाग के अधिकारी रजनीश यादव ने बताया कि जिले में फिलहाल बारिश के आसार नहीं हैं, लेकिन तापमान में गिरावट जारी है और विजिबिलिटी 95 मीटर दर्ज की गई है। जिले से गुजरने वाले नेशनल हाईवे पर भी घने कोहरे के कारण यातायात कम रहा। बीते दिनों के तापमान पर नजर डालें तो 25 जनवरी को अधिकतम 24.9 और न्यूनतम 13.3, 26 जनवरी को 27.6 और 11.4, 27 जनवरी को 30.5 और 11.4, 28 जनवरी को 22.2 और 14.4 तथा 29 जनवरी को 23.7 और 14.1 डिग्री दर्ज किया गया था। इसके बाद 30 जनवरी को तापमान में अचानक गिरावट आई और सुबह न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री दर्ज किया गया।


