मौसा के घर से युवक ने की लाखों की चोरी:न्यू ईयर पार्टी और शौक पूरे करने को उड़ाए गहने-नकदी, 24 घंटे में खुलासा

दतिया में कोतवाली पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर शहर में हुई बड़ी चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण और नकद राशि भी बरामद कर ली है। मामले का खुलासा पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेसवार्ता में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार शिवहरे ने किया। चोरी की यह वारदात 31 दिसंबर 2025 की रात पंकज शुक्ला वाली गली में हुई थी। अज्ञात चोर ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए घर से सोने-चांदी के आभूषण और नकद राशि चोरी कर ली थी। घटना की शिकायत जयहिंद सिंह परमार (48), निवासी पंकज शुक्ला वाली गली ने कोतवाली थाने में दर्ज कराई थी, जिस पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण कायम किया। 50 से ज्यादा CCTV कैमरे खंगाले, फिंगर प्रिंट भी जुटाए मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस की टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच की। इसके साथ ही फिंगर प्रिंट टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए। मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली। पूछताछ में खुलासा- आरोपी फरियादी का ही भतीजा जांच के दौरान संदेही सतेन्द्र सिंह परमार (25), निवासी पंकज शुक्ला वाली गली, छोटा बाजार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। पुलिस के अनुसार आरोपी कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि फरियादी का ही भतीजा निकला। न्यू ईयर पार्टी और शौक पूरे करने के लिए की चोरी आरोपी ने बताया कि नए साल की पार्टी और शान-शौकत के लिए पैसों की जरूरत थी, इसी कारण उसने अपने मौसा के घर को निशाना बनाया। चोरी के बाद वह आभूषणों को छिपाकर रखने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने समय रहते उसे पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया है। जप्त सामग्री में सोने का हार, चेन, अंगूठियां, बालियां, नथ, बेंदी, बच्चों के कंगन, चांदी की पायलें और अन्य आभूषण शामिल हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *