जिले के सरकारी कॉलेज एवं बालिका स्कूलों में पढ़ने वाली बेटियों के सर्वांगीण विकास के लिए साथ ही सुशिक्षित एवं आत्मनिर्भर बनाया जाएगा। इसको लेकर महिला अधिकारिता विभाग सिरोही की ओर से ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ योजना अंतर्गत नवाचार में ‘म्हारी लाडो म्हारो अभिमान’ कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। जिसके अंतर्गत राजकीय बालिका स्कूल एवं राजकीय महाविद्यालय में बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए विविध कार्यक्रम किए जाने प्रस्तावित है। महिला अधिकारिता विभाग की सहायक निदेशक अंकिता राजपुरोहित ने बताया कि सशक्त महिला सशक्त समाज का निर्माण करती है। ऐसे में स्कूल एवं महाविद्यालय की बालिकाओं के लिए विभाग की ओर से विविध कार्यक्रम चलाएं जाना प्रस्तावित है। बालिकाएं शारीरिक दृष्टिकोण से सशक्त बने इसके लिए उन्हें स्वस्थ आहार, फूड हैबिट्स को लेकर विषय विशेषज्ञ द्वारा कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। साथ ही महावारी स्वच्छता प्रबंधन एवं हैल्दी लाइफ स्टाइल को लेकर भी कार्यशाला रहेगी। बालिकाएं मानसिक दृष्टिकोण से सशक्त बने एवं निराशा हताशा कि माहौल से बाहर निकले इसके लिए मनोचिकित्सक की ओर से बालिकाओं से संवाद किया जाएगा। साथ ही बालिकाओं में कौशल विकास कार्य योजना अंतर्गत विभाग की ओर से प्रयास रहेगा कि बालिकाएं स्कूल में अध्ययन के साथ ही कौशल में प्रवीण हो। इसके लिए बालिकाओं की रुचि एवं प्रवीणता अनुसार कौशल विकास की दिशा में विभागीय स्तर से प्रयास रहेगा। आत्मनिर्भर महिला में निर्णयात्मक क्षमता का विकास होता है इसी उद्देश्य को लेकर करियर काउंसिलिंग की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। नैतिक मूल्य, सामाजिक विकास के विविध सोपान आदि पर भी विषय विशेषज्ञ की ओर से समय-समय पर कार्यशालाएं आयोजित की जाएगी। जिला मुख्यालय से होगा कार्यक्रम का आगाज
महिला अधिकारिता विभाग सिरोही की ओर से यह अभियान पायलट प्रोजेक्ट के रूप में राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक स्कूल सिरोही एवं महात्मा गांधी राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक स्कूल सिरोही में शुरू किया जाएगा। इसकी समयावधि एक माह की रहेगी एवं परिणाम का विश्लेषण करने के बाद इसे जिले के सभी बालिका स्कूलों में शुरू किया जाएगा। साथ ही खेलों के प्रति रुझान बढ़ाने, सैल्फ डिफेंस ट्रेनिंग भी बेटियों को दी जाएगी। जिला प्रशासन एवं महिला अधिकारिता विभाग की ओर से ‘म्हारी लाडो म्हारो अभिमान’ पोस्टर का विमोचन एडीएम डॉ. दिनेश राय सापेला व अन्य सदस्यों ने किया। बेटी के जन्म पर मिलेगा बधाई संदेश
महिला अधिकारिता विभाग की ओर से ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत नवाचार किया जा रहा है। सहायक निदेशक अंकिता राजपुरोहित ने बताया कि जिला प्रशासन एवं महिला अधिकारिता विभाग की ओर से बेटी जन्म पर होने पर जिला कलेक्टर के हस्ताक्षर युक्त जिले में बेटी के जन्म पर बधाई संदेश मिलेगा। बधाई संदेश का वितरण आंगनबाड़ी केन्द्रों व अस्पतालों के माध्यम से किया जाएगा। यहां से परिजनों को भिजवाया जाएगा। जिसमें बेटी के बेहतर स्वास्थ्य सुनहरे भविष्य की आशा प्रकट की जाएगी।


