जालंधर| जीएनए यूनिवर्सिटी ने कुलाधिपति गुरदीप सिंह सिहरा के मार्गदर्शन में यंग अचीवर्स अवार्ड सेरेमनी 2025 का आयोजन विश्वविद्यालय परिसर में किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य फगवाड़ा शहर के उन मेधावी छात्रों को सम्मानित करना था, जिन्होंने 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वे छात्र जिन्होंने 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए उन्हें प्रशंसा पत्र और एक विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके कठिन परिश्रम, समर्पण और शैक्षणिक सफलता को मान्यता देने के लिए था। इस अवसर पर डॉ. समीर वर्मा द्वारा एक करियर गाइडेंस सेशन आयोजित किया गया। इसमें छात्रों को भविष्य के करियर विकल्पों, उच्च शिक्षा की संभावनाओं और आवश्यक कौशलों के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान डॉ. विक्रांत शर्मा, डीन स्कूल ऑफ डिजाइन, ऑटोमेशन एंड इंजीनियरिंग और कुणाल बैंस, डिप्टी रजिस्ट्रार भी उपस्थित रहे। उन्होंने छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें आगे बढ़ने और श्रेष्ठ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। समारोह का समापन डॉ. मोनिका हंसपाल डीन एकेडमिक के औपचारिक धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ। उन्होंने सभी प्रतिभागियों, स्टाफ और अतिथियों के सहयोग की सराहना की और अपने संदेश में कहा ऐसे कार्यक्रम छात्रों के मनोबल को बढ़ावा देने और हमारे क्षेत्र में शैक्षणिक उत्कृष्टता की संस्कृति को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं। विश्वविद्यालय ने सभी प्रतिभावान छात्रों को हार्दिक बधाई दी और प्रतिभाओं को संवारने तथा नवाचार को प्रोत्साहित करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।


