भास्कर न्यूज | अमृतसर खालसा यूनिवर्सिटी की बीकॉम छात्रा शरन्या अरोड़ा ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित प्रतिष्ठित ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2026’ में हिस्सा लेकर संस्थान का गौरव बढ़ाया है। इस उपलब्धि पर यूनिवर्सिटी के वाइस चांस्लर डॉ. महल सिंह और एकेडमिक डीन डॉ. सुरिंदर कौर ने छात्रा को बधाई दी। डॉ. महल सिंह ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थी के सर्वांगीण विकास और उत्कृष्टता के प्रति यूनिवर्सिटी की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने बताया कि यह नेशनल प्लेटफॉर्म देश के युवाओं को लीडरशिप, गवर्नेंस और इनोवेशन जैसे विषयों पर चर्चा के लिए प्रेरित करता है, ताकि आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके। इस आयोजन में देश के नीति निर्माताओं और विद्वानों के बीच शरन्या ने नेशन बिल्डिंग और सस्टेनेबल डेवलपमेंट जैसे सत्रों में सक्रिय भागीदारी की। डॉ. सुरिंदर कौर ने कहा कि ऐसी भागीदारी यूनिवर्सिटी के नेतृत्व-केंद्रित वातावरण को दर्शाती है।


