भास्कर न्यूज | दंतेवाड़ा जिले के गीदम ब्लॉक के ग्राम बिंजाम के बड़े पारा के रहने वाले प्रतिभावान छात्र एवं रिसर्चर डॉ. विक्की कुमार नेताम ने अंबिकापुर में हुए यंग साइंटिस्ट कॉन्फ्रेंस में भाग लेकर वहां यंग साइंटिस्ट अवार्ड 2025 के तहत गोल्ड मेडल हासिल किया। इस संबंध में 31 वर्षीय विक्की कुमार नेताम ने बताया कि उन्होंने 2025 में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर से 2025 में कृषि संकाय के आनुवंशिकी और पादप प्रजनन विषयांतर्गत पीएचडी उपाधि प्राप्त की और उनकी प्राथमिक हाई स्कूल की पढ़ाई फरसपाल में ही पूरी हुई तत्पश्चात उन्होंने पीएटी परीक्षा पास कर शहीद गुंडाधुर कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर एवं रिसर्च सेंटर कुम्हरावंड जगदलपुर से सीएटी उत्तीर्ण किया। अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने मेन एडवाइजर डॉ. एनआर रंगारे तथा विषय विशेषज्ञ डॉ. पीके जोशी को देते हुए कहा कि भविष्य में वे जिले के क्षेत्र अनुरूप कृषि संभावनाओं तथा उन्नत कृषि तकनीक जैविक कृषि पर रिसर्च जारी रखना चाहते हैं। क्षेत्र के युवाओं को सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि वे कृषि संकाय के विभिन्न कार्य क्षेत्रों में अपना कैरियर बना सकते हैं। क्योंकि अब छात्रों के लिए यहां पूर्व के मुकाबले बेहतर स्कोप उपलब्ध हो चुके हैं। अपना अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि हाई स्कूलों के दिनों में उनको कृषि संकाय लेने से मना भी किया गया था। परंतु कृषि संकाय में ही उनकी प्रारंभिक रुचि होने के कारण उन्होंने किसी की बात नहीं मानी और आखिरकार उन्होंने अपना पीएचडी डिग्री हासिल कर ही लिया। यंग साइंटिस्ट कांग्रेस में गोल्ड मेडल जीतने पर बधाई देते कलेक्टर।


