यमुनानगर में ढाई साल पुराने लूटकांड का खुलासा:नेपाली गैंग के दो सदस्य महाराष्ट्र से गिरफ्तार, नशा पिलाकर व्यापारी के घर की लूट

यमुनानगर में जून 2023 की रात मधु कॉलोनी में व्यापारी के घर लूट की बड़ी वारदात का पुलिस ने ढाई साल बाद खुलासा किया है। इस मामले में नौकर बनकर घर में घुसे नेपाली गैंग के दो आरोपियों को महाराष्ट्र के पूणे से गिरफ्तार किया गया है। इनमें से एक आरोपी ने घर में रहकर पहले परिवार का भरोसा जीता, फिर नशीला पदार्थ खिलाकर अपने साथियों को बुलाया और हथियारों के दम पर लूट को अंजाम दिया। वारदात को अंजाम देने में महिला सहित पांच आरोपी शामिल थे, जिनमें से चार ने घर में घुसकर इस लूट का अंजाम दिया था। वारदात को अंजाम देने के बाद पांच में से तीन अलग और दो अलग गैंग बनाकर छिप गए। इसमें से दो आरोपी महाराष्ट्र के पूणे में छिपे हुए थे, जिन्हें पुलिस ने ट्रेस करके हिरासत में लिया और फिर पहचान पुख्ता कर गिरफ्तार कर लिया। 13 जून 2023 की रात हुई थी वारदात जानकारी के अनुसार 13 जून 2023 की रात करीब 11 बजे यमुनानगर की मधु कॉलोनी में पंजाब प्लाई बोर्ड के मालिक प्रवीण गर्ग के घर चार बदमाशों ने धावा बोला था। उस समय व्यापारी और उनकी पत्नी अपने कमरे में सो रहे थे। घर में काम करने वाला नेपाली नौकर भरत जोकि नाम बदलकर रह रहा था, अपने तीन साथियों के साथ कमरे में दाखिल हुआ। बदमाशों ने हथियार दिखाकर दंपती के हाथ-पैर बांध दिए और उनके साथ मारपीट की। इसके बाद महिला के पहने हुए गहने जबरन उतार लिए गए और घर में रखा नकदी व जेवरात लूटकर फरार हो गए। हथियारों के दम पर 10 लाख से ज्यादा की लूट लुटेरे पिस्टल, लोहे के हथियार और बड़े पेचकस लेकर आए थे। बदमाशों ने करीब 10 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात और अन्य कीमती सामान लूट लिया। पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। घटना के बाद पुलिस में हड़कंप मच गया था और तत्कालीन एसपी मोहित हांडा भी मौके पर टीम के साथ पहुंचे थे। पुलिस ने क्षेत्र में नाकाबंदी कर जांच शुरू की, लेकिन कोई ठोस सुराग न मिलने पर मामला लंबे समय तक अनट्रेस रहा। पैटर्न एनालिसिस से खुला राज ढाई साल बाद यमुनानगर पुलिस ने इस मामले को दोबारा खोलते हुए डेटा एनालिसिस और पैटर्न क्राइम के आधार पर जांच शुरू की। एसपी यमुनानगर के निर्देशन और एएसपी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी नेपाल के कैलाली और अच्छाम जिलों से जुड़े हैं और अलग-अलग नामों से विभिन्न शहरों में घरेलू नौकर बनकर काम करते थे। नौकर बनकर रेकी, फिर नशा देकर लूट पुलिस जांच में पता चला कि मुख्य आरोपी नेपाल से आकर करीब ढाई महीने तक व्यापारी के घर नौकर बनकर रहा। इस दौरान उसने परिवार की दिनचर्या, नकदी और जेवरात की जानकारी जुटाई। वारदात वाली रात उसने मिल्क शेक में नशीला पदार्थ मिलाया और अपने साथियों को बुलाकर लूट को अंजाम दिया। पुणे से दो आरोपी गिरफ्तार सूचना के आधार पर पुलिस ने महाराष्ट्र के पुणे से दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। पीड़ित के सामने पेश करने पर उनकी पहचान पुख्ता हुई, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर 6 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी अलग-अलग जगह भरत, हरिबोल, हरीश और हेमू सरकार जैसे नामों से काम करता रहा है, लेकिन उसका असली नाम हरि बोहरा है। घर में रहकर भरोसा जीतता है नेपाली गैंग स्पेशल सेल के इंचार्ज केवल सिंह ने बताया कि यह नेपाली गैंग कुछ समय तक घर में रहकर मालिकों का भरोसा जीतता है और फिर नशीला पदार्थ देकर गैंग के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देता है। दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस अब इस गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों और इसी तरह की वारदातों की भी जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि यह गिरोह अलग-अलग राज्यों में इसी तरीके से कई वारदातों को अंजाम दे चुका है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *