भास्कर न्यूज | जालंधर रेलवे क्रॉसिंग व ट्रैक पार करते हुए लोगों की यह तस्वीरें आम हो चुकी हैं। गलत ढंग से लोग रेलवे क्रॉसिंग व ट्रैक को लोग पार करते हैं। एक से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए फुटओवर ब्रिज का इस्तेमाल नहीं करते। यह लापरवाही खुद पर भारी पड़ सकती है। वहीं दूसरी ओर रेलवे भी गलत ढंग से ट्रैक क्रॉस करने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं करता। जबकि नियमानुसार, ट्रेन की पटरियों को गलत तरीके से पार करने पर रेलवे अधिनियम की धारा 147 के तहत छह माह की जेल या 1000 का जुर्माना या फिर दोनों हो सकते हैं। दुर्घटनाओं को रोकने के लिए रेलवे प्रशासन लोगों को जागरूक करता है, बावजूद लोग जान जोखिम में डालकर रेलवे लाइन पार करते हैं। वीरवार को सिटी स्टेशन के प्लेटफार्म-2 और तीन पर सोमनाथ एक्सप्रेस ट्रेन खड़ी थीं। इस दौरान काफी यात्री रेलवे लाइन पार करते नजर आए। खास बात ये है कि आरपीएफ के दफ्तर के सामने ही पार्सल विभाग के कर्मचारी और यात्री रेलवे लाइन पार करते हैं। ^समय-समय पर यात्रियों का चालान किया जाता है। लेकिन रेलवे नियमों के अनुसार यात्रियों को समझाया जाता है कि गलत ढंग से लाइन क्रॉस न करें। अभी चालान बंद किए हुए हैं। जल्द ही इन्हें फिर से शुरू किया जाएगा।’ -राकेश कुमार, एसएचओ आरपीएफ


