मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को राजधानी में सुगम यातायात प्रबंधन को लेकर बैठक ली। इसमें कहा कि आमजन को परिवहन के सुगम साधन उपलब्ध करवाने तथा निर्बाध यातायात व्यवस्था के लिए सरकार कार्य कर रही है। इसके लिए आवश्यक सुविधाओं और मानव संसाधन की किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। प्रदेश के बड़े शहरों में बढ़ती आबादी को देखते हुए ट्रैफिक व ट्रांसपोर्ट सिस्टम के लिए पुलिस, परिवहन, प्राधिकरण व निगम सहित सभी विभाग मिलकर एक्शन प्लान बनाकर रिपोर्ट तैयार करें। उन्होंने कहा कि जयपुर में यातायात दबाव अन्य शहरों की तुलना में अधिक है। पब्लिक ट्रांसपोर्ट में त्वरित व सुगम संसाधन उपलब्ध हो, ताकि लोग खुद के वाहन के बजाए बसों में सफर को प्राथमिकता दें। सिटी ट्रांसपोर्ट में सीएनजी व इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जाए। यातायात पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ाने होमगार्ड तथा आरएसी के जवानों को लगाया जाए। रामनिवास बाग में सस्ती दरों पर पार्किंग की सुविधा हो नए सैटेलाइट बस स्टैंड बने मुख्यमंत्री ने कहा कि अजमेर रोड, आगरा रोड, टोंक रोड और सीकर रोड पर यातायात दबाव कम करने के लिए इस रूट पर संचालित होने वाली बसों के लिए उसी रूट पर अतिरिक्त सैटेलाइट बस स्टैंड बनाए। इससे सिंधी कैंप स्थित मुख्य बस स्टैंड पर भी बसों की संख्या कम होगी। सरकारी कार्यालयों में काम करने वाले तथा स्कूल कॉलेजों के विद्यार्थियों के लिए विशेष बस व्यवस्था संचालित की जाए। मीटिंग में ये थे मौजूद मुख्य सचिव सुधांश पंत, रोडवेज चेयरमेन शुभ्रा सिंह, एसीएस (वित्त) अखिल अरोड़ा, एसीएस (सीएमओ) शिखर अग्रवाल, एसीएस (गृह) आनंद कुमार, महानिदेशक पुलिस हेमंत प्रियदर्शी, एडीजी यातायात अनिल पालीवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


