यात्रीगण ध्यान दें:31 मार्च तक स्पेशल ट्रेनें जंक्शन से नहीं खातीपुरा व अन्य स्टेशनों से चलेंगी, रेगुलर में वेटिंग 100 पार

होली पर ट्रेनों से यात्रा करने वाले यात्री कृपया ध्यान दें। इस बार 31 मार्च तक होली स्पेशल ट्रेनों का संचालन जयपुर जंक्शन की बजाय खातीपुरा सहित अन्य उपनगरीय स्टेशनों से किया जाएगा। क्योंकि जयपुर रेलवे स्टेशन पर री-डवलपमेंट का काम चल रहा है, इसके चलते व्यवस्था में यह बदलाव किया गया है। अभी तक 3 स्पेशल ट्रेनें संचालित हो रही हैं, जबकि इस सप्ताह 3 से 4 स्पेशल ट्रेनें शुरू करने की तैयारी है। वहीं दूसरी ओर होली पर रेगुलर ट्रेनों में वेटिंग 100 के पार पहुंच चुकी है। ट्रेनों के जयपुर से शुरू (ओरिजनेट) नहीं होने से सीट का कोटा बंट जाएगा। हालांकि रेलवे मुख्यालय के पीएम सेल और डाटाबेस के इंस्पेक्टर्स ने जयपुर की सीट कम नहीं हों, इसके लिए उत्तर पश्चिम रेलवे की (ओनिंग ट्रेन) विभिन्न स्टेशनों से जयपुर होकर गुजरने वाली अधिकांश ट्रेनों का रिमोट लोकेशन नहीं बनाया है। इससे रेलवे का दावा है कि जयपुर की सीटों की संख्या (कोटा) कम नहीं होगी। रिजर्वेशन एक्सपर्ट अजय कश्मीरी व नीरज चतुर्वेदी बताते हैं कि जयपुर से यूपी, बिहार, बंगाल तरफ की मरुधर, अजमेर-सियालदाह, जोधपुर/बीकानेर-हावड़ा, बीकानेर-गुवाहाटी, उदयपुर-न्यूजलपाईगुड़ी, बॉम्बे सुपरफास्ट, अरावली एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट 100 के पार पहुंच गई है। कई ट्रेनों में होली से सप्ताह भर पहले तो नो रूम यानी वेटिंग टिकट भी उपलब्ध नहीं है। वहीं होली के बाद (पोस्ट क्राउड) मुंबई, पुणे, भोपाल सहित अन्य शहरों से आने वाली ट्रेनों में जबरदस्त वेटिंग है। ट्रेनों में ये स्थिति 20 मार्च तक रहेगी, उसके बाद मई माह के मध्य तक ट्रेनों में वेटिंग की स्थिति सामान्य रहेगी। 8 स्पेशल ट्रेन चलाने का 4 दिन में जारी होगा नोटिफिकेशन रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उत्तर पश्चिम रेलवे के अधिकारी लगातार अन्य जोनल रेलवेज के साथ समन्वय कर उत्तर पश्चिम रेलवे से विभिन्न शहरों के लिए होली स्पेशल ट्रेन चलाने की योजना बना रहे हैं। ऐसे में संभव है कि जल्दी पुणे, हावड़ा, सिकंदराबाद, मुंबई सहित अन्य स्टेशनों से करीब 8 स्पेशल ट्रेन संचालित हो सकती हैं। जिनका अगले 3-4 दिन में नोटिफिकेशन जारी हो सकता है। कोच बढ़ोतरी; रेलवे ने इन ट्रेनों को होली के साथ गर्मियों की छुट्टियों में चलाने की भी योजना बनाई है। वहीं रेलवे ने बीकानेर-दिल्ली सराय-बीकानेर (22471/72), उदयपुर-जयपुर-उदयपुर (12991/92) सहित 41 जोड़ी ट्रेनों में दोनों तरफ से 176 एसी/नॉन एसी कोच की अस्थायी बढ़ोतरी की है। ट्रेनों में बढ़ोतरी पूरे मार्च महीने तक रहेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *