यात्री बस से जब्त हुआ 10 लाख रुपए का गांजा:ओडिसा के चार संदिग्ध हिरासत में, 12 बैगों में भरा मिला एक क्विंटल गांजा

बलरामपुर पुलिस ने अंबिकापुर से वाराणसी जा रही यात्री बस से करीब एक क्विंटल गांजा जब्त किया है। बस की जांच देर रात वाड्रफनगर में की गई। बस से 12 बैग बरामद किए गए, जिनमें गांजा भरा हुआ था। पुलिस ने मामले में चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है। जब्त गांजे की कीमत 10 लाख रुपए बताई गई है। मामले की जांच वाड्रफनगर चौकी पुलिस द्वारा की जा रही है। जानकारी के मुताबिक, वाड्रफनगर चौकी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर अंबिकापुर से वाराणसी जा रही महिंद्रा बस को रात करीब 11.30 बजे वाड्रफनगर में रोका। पुलिस को बस में कुछ संदिग्ध यात्रियों द्वारा गांजे की तस्करी की सूचना मिली थी। वाड्रफननगर SDOP पुष्पराज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बस में सवार सभी लोगों के लगेज की जांच की। जांच के दौरान पुलिस को 12 बैग मिले, जिनमें गांजा भरा हुआ था। ओडिसा के संदिग्ध हिरासत में, बस चालक से भी पूछताछ
बस में करीब एक क्विंटल गांजा जब्त होने पर पुलिस ने बस सवार ओडिसा के चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है। जांच में पता चला है कि ये सवार ओडिसा से अंबिकापुर आए थे और अंबिकापुर से यात्री बस में सवार होकर वाराणसी जा रहे थे। पुलिस ने बस चालक एवं परिचालक की भूमिका संदिग्ध मिलने पर बस को भी रोक लिया है एवं चालक व परिचालक से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने यात्री बस को रोक लिया। बस के सवार यात्रियों को इससे परेशान होना पड़ा। कुछ यात्री अपने साधनों से गंतव्य के लिए रवाना हुए। कुछ यात्रियों को दूसरी यात्री बसों से गंतव्य के लिए भेजा गया। वाड्रफनगर पुलिस दोपहर तक मामले का खुलासा कर सकती है। आशंका है कि पकड़े गए तस्कर पूर्व में भी गांजा तस्करी करते रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *