भास्कर न्यूज | लुधियाना जस्सियां रोड के एक यार्न कारोबारी से माल ढुलाई के नाम पर 21 लाख से ज्यादा की ठगी का मामला सामने आया है। थाना टिब्बा पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी प्रमोद कुमार के अनुसार पीड़ित पंकज कुमार सहगल, जो केशव यार्न नाम से फर्म चलाते हैं, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोनू और शाहरुख नामक दो व्यक्ति खुद को राव कैरियर एंड ट्रांसपोर्ट के मालिक बताते थे। दोनों ने मिलकर कारोबारी को अपने झांसे में लिया और भरोसा दिलाया कि वे उसका माल सुरक्षित तरीके से आंध्र प्रदेश पहुंचा देंगे। शिकायत के मुताबिक 6 दिसंबर 2025 से 12 दिसंबर 2025 के बीच पंकज कुमार की फर्म से तैयार किया गया यार्न का माल आरोपियों के जरिए आंध्र प्रदेश भेजा गया। इस माल की कुल कीमत करीब 21 लाख 18 हजार 641 रुपये बताई गई है। लेकिन बाद में पता चला कि माल तय जगह पर पहुंचा ही नहीं। पीड़ित का आरोप है कि दोनों आरोपियों ने पहले से साजिश रचकर माल को रास्ते में ही अपने कब्जे में ले लिया और गंतव्य तक न पहुंचाकर धोखाधड़ी की। जब कारोबारी ने माल की डिलीवरी के बारे में जानकारी लेनी चाही तो आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी और बाद में संपर्क भी कम कर दिया। पुलिस ने मामले की प्रारंभिक जांच के बाद आरोपियों सोनू और शाहरुख, निवासी न्यू शक्ति नगर के खिलाफ धोखाधड़ी से संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और माल की बरामदगी के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


