यीशु आगमन पर गिरजाघरों में उमड़ा उल्लास:प्रयागराज के आल सेंट्स कैथिड्रल में प्रभु भोज, सेंट जोसेफ में मिस्सा बलिदान

प्रयागराज। प्रभु यीशु के आगमन की खुशियों में मंगलवार को मसीही घरों, गिरजाघरों में उत्सव का उल्लास उमड़ा। ऑल सेंट्स कैथिड्रल, सेंट जोसेफ कैथिड्रल सहित अन्य गिरजाघरों में विशेष प्रार्थना सभाओं के माध्यम से जहां यीशु की महिमा बखानी गई, वहीं शांति, सद्भाव, प्रेम और भाईचारे के लिए प्रार्थना भी की गई। आल सेंट्स कैथिड्रल में हुआ प्रभु भोज
मिड नाइट सर्विस में जहां आल सेंट्स कैथिड्रल में प्रभु भोज, तो वहीं सेंट जोसेफ में मिस्सा बलिदान की प्रार्थना हुई। बिशप की देखरेख में ऑल सेंट्स कैथिड्रल में हुई आराधना में पादरी ने प्रभु यीशु के आगमन का सुसमाचार पढ़ा। बिशप ने ऑल्टर पर जुटे श्रद्धालुओं को रोटी और दाखरस देने के बाद आशीर्वचन में सर्वमंगल, समृद्धि और सुख-शांति के लिए प्रार्थना की। आरंभ में कैरल गायन और बाइबिल के प्रमुख अंश पढ़े गए। इस दौरान दुखियों और बुजुर्गों की बेहतरी के लिए आशीष मांगा गया। जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए परंपरानुसार ऑफरिंग भी की गई, जिसमें लोगों ने स्वेच्छा से दान दिया। आराधना पूरी हुई तो सभी ने एक दूसरे को ‘मेरी क्रिसमस’ कहकर क्रिसमस की बधाई दी। मिस्सा बलिदान की हुई विशेष आराधना
इलाहाबाद धर्मप्रांत के बिशप की देखरेख में सेंट जोसेफ कैथिड्रल में मिड नाइट सर्विस के तहत मिस्सा बलिदान की विशेष आराधना की गई। बिशप ने कहा, यह अवसर हमें शांति, सद्भाव, प्रेम और भाईचारे की भी सीख देता है, हमें दीन दुखियों की मदद को हमेशा तत्पर रहना चाहिए। कार्यक्रम में पल्ली पुरोहित सहित बड़ी संख्या में पादरी, श्रद्धालु, सेमिनरी के सदस्य मौजूद थे। इसी क्रम में क्रिसमस की पूर्व संध्या पर जमुना चर्च, सेंट पाल्स चर्च, म्योराबाद सेंट पीटर्स चर्च, कटरा चर्च, होली टिनिट्री चर्च, सेंट्रल मैथाडिस्ट चर्च, सेंट पीट्रिक्स चर्च आदि में भी धार्मिक और सांस्कृतिक अनुष्ठान हुए। गिरजाघरों को बिजली की रंगीन रोशनी और फूलों से आकर्षक तरीके से सजाया गया था। क्रिसमस पर बुधवार को सुबह कैथिड्रल और अन्य गिरजाघरों में विशेष आराधना सभाएं होंगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *