युक्तियुक्तकरण में लापरवाही, BEO सस्पेंड:एक विषय के 6 लेक्चरर स्कूल में हो गए पदस्थ, कई स्कूलों में हो गई अतिरिक्त पदस्थापना

युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया के दौरान गलत जानकारी और पदों में कूटरचना करने के आरोप में सूरजपुर जिले के रामानुजनगर बीईओ पंडित भारद्वाज को निलंबित कर दिया गया है। सरगुजा कमिश्नर नरेंद्र कुमार दुग्गा ने यह आदेश जारी किया है। जानकारी के मुताबिक, युक्तियुक्तकरण के लिए शिक्षकों की पदस्थापना, रिक्त पदों की जानकारी और स्कूलों में छात्रों की संख्या की जानकारी बीईओ के माध्यम से डीईओ कार्यालय में मांगी गई थी। आरोप है कि रामानुजनगर बीईओ पंडित भारद्वाज ने वरिष्ठ कार्यालय को भ्रामक और तथ्यहीन जानकारी भेजी। जिससे युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया में गंभीर त्रुटियां सामने आई। जहां पहले से अतिशेष, वहां हो गई पदस्थापना बीईओ कार्यालय की तरफ से भेजी गई जानकारी के आधार पर हायर सेकेंडरी स्कूल भुवनेश्वरपुर में अंग्रेजी विषय के दो रिक्त पद बताए गए थे, जबकि वहां पहले से चार लेक्चरर कार्यरत थे। गलत जानकारी दिए जाने के कारण युक्तियुक्तकरण में दो अतिरिक्त लेक्चरर पदस्थ कर दिए गए। अब स्कूल में अंग्रेजी विषय के 6 लेक्चरर पदस्थ हो गए हैं, जबकि यहां दो पद स्वीकृत हैं। BEO कार्यालय की तरफ से प्राइमरी स्कूल सरईपारा, जगतपुर और देवनगर में छात्र संख्या के अनुपात से अधिक शिक्षक पद दर्शाए गए। जिससे वहां भी अतिरिक्त शिक्षकों की नियुक्ति कर दी गई। हाई स्कूल सुमेरपुर में कला संकाय के लेक्चरर राजेश कुमार जायसवाल को विज्ञान विषय का बताकर विज्ञान विषय का पद रिक्त दर्शाया गया, जिससे एक और अतिरिक्त पदस्थापना हुई। बीईओ पर गिरी गाज युक्तियुक्तकरण में गड़बड़ी मिलने पर कलेक्टर के प्रतिवेदन पर सरगुजा कमिश्नर नरेंद्र कुमार दुग्गा ने बीईओ पंडित भारद्वाज को निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, बलरामपुर-रामानुजगंज (छ.ग.) नियत किया गया है। सूरजपुर में हुए कई कारनामें युक्तियुक्तकरण में सूरजपुर में हुई लापरवाही से शिक्षक परेशान रहे। सूरजपुर के नवगईं प्राथमिक शाला से शिक्षिका प्रीति सिंह को अतिशेष घोषित किया गया। समायोजन में उन्हें फिर से नवगईं प्राथमिक शाला में ही पदस्थ किया गया। सूरजपुर के विश्रामपुर स्थित मिडिल स्कूल चौपड़ा स्कूल में शिक्षक का एक पद रिक्त बताया गया था। युक्तियुक्तकरण में यहां तीन शिक्षकों की पदस्थापना कर दी गई। इनमें ललिता कैवर्त, शशिकला दुबे, और वर्षा मिश्रा शामिल हैं। एक रिक्त पद पर युक्तियुक्तकरण में दो अतिशेष शिक्षकों की पदस्थापना विभाग ने कर दी है। इस तरह की दर्जनों गलतियां किए जाने से शिक्षक परेशान हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *