राजनांदगांव के युगांतर पब्लिक स्कूल में वार्षिक उत्सव ‘अभिव्यक्ति’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर जितेंद्र यादव और चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. ज्योति यादव उपस्थित रहे। कलेक्टर यादव ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों के करियर निर्माण के लिए उनकी इच्छा सर्वोपरि होती है। उत्सव के दौरान ‘समुद्र मंथन-अमृत कलश की गाथा’, ‘दुनिया का दूसरा खरबपति’, ‘हमारे विघ्रहर्ता श्री गणेश’, ‘शेर-ए-पंजाब – रणजीत सिंह जी’, ‘हमारे अन्नदाता’, ‘ट्रिब्यूट टू धर्मेंद्र जी’, ‘बॉलीवुड विट्स मा एंड पा’, ‘एराउंड द वर्ल्ड इन 20 मिनट्स’, ‘मैजिकल बुक ऑफ स्टोरीज’, ‘सर्कस ऑफ वंडर्स’ और ‘नई आवाज़ की पहचान’ जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहे। विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य और अभिनय के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पदक और छात्रवृत्ति से सम्मानित किया गया। सी-टॉप परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी भी सम्मानित हुए। नीट और जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित विद्यार्थी तथा उच्च मुकाम हासिल करने वाले भूतपूर्व विद्यार्थी भी सम्मानित किए गए। विद्यालय के भूतपूर्व छात्र लक्ष्य गुप्ता को उनके वेब धारावाहिक ‘मनुष्य’ के सफल निर्माण के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्राचार्य मधुसूदन नायर ने बताया कि प्रबंधन प्रतिभावान विद्यार्थियों को बड़े पैमाने पर छात्रवृत्ति प्रदान कर रहा है। इसके साथ ही, इन विद्यार्थियों को नीट और आईआईटी की निःशुल्क कोचिंग भी दी जा रही है। हॉस्टल में रहने वाले छात्रों के बौद्धिक विकास के लिए सप्ताह में एक बार विशेष कक्षाएं नियमित रूप से संचालित की जाती हैं। इसी क्रम में विद्यालय की वार्षिक पत्रिका ‘युगांतर विजन’ का विमोचन कलेक्टर जितेंद्र यादव ने किया। इस अवसर पर कलेक्टर ने पुनः दोहराया कि बच्चों के करियर निर्माण के लिए उनकी इच्छा ही सबसे महत्वपूर्ण होती है।


