पंजाब सरकार द्वारा नशों के खिलाफ शुरू किए गए अभियान युद्ध नशों के विरुद्ध के दूसरे चरण के तहत आज अजनाला शहर में एक जागरूकता पैदल यात्रा निकाली गई। इस पैदल यात्रा का नेतृत्व अजनाला विधानसभा क्षेत्र के विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने किया। इस दौरान उनके साथ सैकड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, समर्थक और स्थानीय लोग मौजूद रहे। पैदल यात्रा अजनाला के प्रमुख मार्गों से होकर निकाली गई, जहां लोगों को नशों के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया। यात्रा के दौरान नशा विरोधी नारे लगाए गए और आम जनता से अपील की गई कि वे नशों को जड़ से खत्म करने के लिए सरकार और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। विधायक धालीवाल ने कहा: नशा केवल व्यक्ति नहीं, समाज को भी बर्बाद करता है विधायक धालीवाल ने लोगों से कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं बल्कि पूरे परिवार और समाज को बर्बाद कर देता है, इसलिए इसके खिलाफ एकजुट होकर लड़ना बेहद जरूरी है।इस मौके पर विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि पंजाब सरकार नशों के खात्मे के लिए पूरी गंभीरता से काम कर रही है। युद्ध नशों के विरुद्ध अभियान के तहत न केवल तस्करों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है, बल्कि युवाओं को नशों से दूर रखने के लिए जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक समाज का हर वर्ग इस मुहिम में अपना योगदान नहीं देगा, तब तक नशों को पूरी तरह खत्म करना संभव नहीं है। विधायक ने युवाओं से विशेष अपील करते हुए कहा कि वे नशों से दूर रहकर शिक्षा, खेल और रोजगार की ओर ध्यान दें। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त पंजाब का सपना तभी साकार होगा जब हर नागरिक इसमें अपनी जिम्मेदारी निभाएगा। इस पैदल यात्रा के माध्यम से लोगों को एक साफ संदेश दिया गया कि नशों के खिलाफ यह लड़ाई सरकार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझी लड़ाई है।


