युवकों का अपहरण करने वाले 7 गिरफ्तार, दो नाबालिग:पार्षद पुत्र के गैंग ने की थी मारपीट, जेल भेजे गए पकड़े गए आरोपी

अंबिकापुर जिले में मणिपुर थाना क्षेत्र में दो युवकों के अपहरण और बंधक बनाकर बेरहमी से पिटाई किए जाने के मामले में पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें भाजपा पार्षद का पुत्र एवं दो नाबालिग भी शामिल हैं। मामूली विवाद पर पार्षद पुत्र एवं साथियों ने दोनों युवकों का अपहरण किया और उनकी बेदम पिटाई कर दी थी। मामले में अन्य आरोपी फरार हैं। पुलिस के अनुसार, मंगल पांडे वार्ड के खटिक पारा स्थित एक किराए के मकान में 15 दिसंबर 2025 की रात करीब दर्जनभर युवक जबरन घुस आए। आरोप है कि उन्होंने छात्र राहुल सोनवानी (22) और उसके साथी शुभम रवि का चाकू की नोक पर अपहरण कर लिया। रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी युवकों ने दोनों को घसीटते हुए डॉक्टर अनुपम मिंज के घर के पास झाड़ियों में ले जाकर मुक्कों, ईंट-पत्थरों, डंडों और चाकू से हमला किया। दोनों युवकों को पार्षद के घर ले जाकर भी उनसे मारपीट की गई। मारपीट में दोनों युवकों को गंभीर चोटें आईं थीं। जिन युवकों से मारपीट की गई, वे दोनों छात्र हैं। मारपीट का कारण मामूली विवाद बताया गया है। पार्षद पुत्र सहित 7 को पुलिस ने किया गिरफ्तार
मारपीट की घटना सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया था। पुलिस ने मामले में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त की। पुलिस ने हमले में शामिल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में पार्षद का पुत्र विशाल साहू पिता सूर्य प्रकाश साहू (27 वर्ष), राजा साहू उर्फ संजय (32 वर्ष), उदय साहू (22 वर्ष), रोशन सोनी (22 वर्ष), आकाश यादव (20 वर्ष) सभी निवासी दर्रीपारा एवं दो नाबालिग शामिल हैं। अन्य आरोपी फरार बताए गए हैं। आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 351(3), 191(2), 191(3), 190, 115(2), 118(1), 331(8), 127(2) BNS के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *