ग्वालियर में पिता के इलाज के लिए उधार लिए आठ हजार रुपए नहीं चुका पाने वाले युवक को उसके ही कुछ साथियों ने कार में अगवा कर लिया। मुरार के बारादरी चौराहा से कार में बंधक बनाकर उसे दतिया इंदरगढ़ ले गए। यहां उसे पीटा गया और छोड़ने के बदले 25 हजार रुपए की डिमांड की गई। बंधक ने किसी तरह अपने एक दोस्त से 25 हजार रुपए की फिरौती की रकम आरोपियों को फोन-पे के जरिए दी। इसके बाद बदमाश वापस मुरार में उसे छोड़कर भाग गए। वारदात शनिवार-रविवार दरमियानी रात की है। पुलिस ने रविवार सुबह मामले में कार्रवाई शुरू कर युवक को बंधक बनाने वालों की तलाश शुरू कर दी है।
शहर के मुरार थाना क्षेत्र के मीरा नगर निवासी 21 वर्षीय सोमिल शर्मा पुत्र नरेन्द्र शर्मा ने बताया कि कुछ समय पहले उसके पिता को हार्ट अटैक आया था। पिता के इलाज में काफी पैसा खर्च हुआ था। 15 दिन पहले सोमिल ने अपने परिचित आकाश राणा से आठ हजार रुपए उधार लिए थे। उसने रुपए लेते समय 15 दिन बाद 15 हजार रुपए वापस करने का वादा किया था, लेकिन वह समय पर रुपए वापस नहीं कर सका था। आकाश ने अपने 15 हजार रुपए वापस मांगे तो सोमिल ने समय मांगा। जिस पर आकश ने गाली गलौज कर दी थी। शनिवार शाम को आकाश अपने दोस्तों के साथ कार से पहुंचा और सोमिल काे मिलने के लिए बारादरी चौराहा पर बुलाया। इसके बाद आकाश उसे कार में बैठाकर हाइवे की तरफ ले गया।
पीटते हुए ले गए ग्वालियर से दतिया
इसके बाद वह आरोपी उसे कार में ही पीटते हुए ग्वालियर से दतिया के इंदरगढ़ लेकर पहुंचे। वहां पर एक कमरे में बंधक बना लिया। इसके बाद आकाश राणा व उसके अन्य साथियों ने उसकी मारपीट कर कट्टे अड़ा दिए। उससे रुपए मंगाने के लिए कहा। सोमिल ने उसे छोड़ने के लिए कहा तो इसके बदले आकाश ने 25 हजार रुपए की फिरौती मांगी। जिस पर सोमिल ने अपने एक मित्र से 25 हजार रुपए फोन-पे कराया। आरोपियों को अकाउंट मंे कैश आ गया तो आरोपियों ने उसे धमकाते हुए कार से ग्वालियर के मुरार छोड़कर भाग गए।
पुलिस के पास पहुंचा पीड़ित
आरोपियों के चंगुल से छूटने के बाद पीड़ित सोमिल शर्मा मुरार थाने पहुंचा और मामले की शिकायत की है। जिस पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस का कहना
इस मामले में मुरार थाना प्रभारी मदनमोहन मालवीय का कहना है कि एक युवक ने कुछ लोगों पर उसे अगवा कर 25 हजार रुपए ऑनलाइन कराने की शिकायत की है। शिकायत पर मामले की जांच व आरोपियों की तलाश की जा रही है।


