युवक की चाकू मारकर हत्या का 40 घंटे में खुलासा:विदिशा में सीसीटीवी से 11 आरोपी पकड़े गए, दो नाबालिग शामिल, पुलिस ने निकाला जुलूस

विदिशा की इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में एक युवक की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने 40 घंटे के भीतर खुलासा किया है। इस मामले में सोमवार को पुलिस ने 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं। मृतक की पहचान इंद्रप्रस्थ कॉलोनी निवासी नंदू चौबे के रूप में हुई थी। जानकारी के अनुसार, नंदू का आरोपियों से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के चलते आरोपी अपने साथियों के साथ कॉलोनी पहुंचे और नंदू को बाहर बुलाया। शुरुआत में बातचीत हुई, लेकिन विवाद बढ़ने पर एक आरोपी ने नंदू पर चाकू से हमला कर दिया। नंदू गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। छापेमारी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया
यह पूरी घटना कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइन, कोतवाली, करारिया थाना और पुलिस लाइन की संयुक्त टीमों का गठन किया। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने स्थानों पर छापेमारी कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जब आरोपियों को घटनास्थल पर ले गई, तो मृतक नंदू के परिजन और शुभचिंतक वहां जमा हो गए। उन्होंने आरोपियों के साथ मारपीट करने का प्रयास किया और पुलिस से उन्हें सौंपने की मांग की। सिविल लाइन क्षेत्र में जुलूस भी निकाला
हालांकि, पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए आरोपियों को वहां से सुरक्षित हटा लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का सिविल लाइन क्षेत्र में जुलूस भी निकाला। इस दौरान आरोपी ‘अपराध करना पाप है और पुलिस हमारे बाप है’ कहते हुए अपने किए पर माफी मांगते दिखे। पुलिस अधीक्षक रोहित कसवानी ने बताया कि आरोपी विक्की, दुर्गेश लोधी, अजय राज, शैलेंद्र लोधी, रुद्राक्ष श्रीवास्तव, अरुण राठौर, साहिल गौड़, विक्की यादव, अजय उर्फ चुन्नी मालवीय और आकाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। बही आरोपियों को गिरफ्तार करने पर पुलिस की टीमों को परुस्कृत करने की बात कही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *