युवक की सीने में गोली मारकर हत्या:आरोपी बोला- दो-चार को और मारूंगा, हवाई फायरिंग करते हुए भाग निकले बदमाश

स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने सरेआम युवक के सीने में गोली मारकर हत्या कर दी। मर्डर करने के बाद बदमाशों ने अपने चाचा समेत दो घरों के बाहर अलग-अलग जगह 10 से 11 राउंड फायरिंग भी की। इस दौरान बदमाशों ने कहा- दो-चार को और मारूंगा। वारदात के बाद बदमाश फरार हो गए। घटना के बाद से इलाके में तनाव है। इसे लेकर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। मामला कोटपूतली-बहरोड़ के बहरोड़ सदर थाना क्षेत्र के भगवाड़ी कलां गांव का है। सोमवार रात करीब 1 बजे फायरिंग से पूरा गांव दहल उठा था। मृतक की पहचान महेंद्रगढ़ (हरियाणा) के मांदी गांव निवासी लोकेश यादव (21) के रूप में हुई है। डीएसपी सचिन शर्मा ने बताया- बहरोड़ सदर पुलिस ने आरोपियों पर हत्या और हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। एफएसएल की टीम भी पहुंची है। प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश का परिणाम बताया जा रहा है। कुआं पूजन में आया था लोकेश
घटना को लेकर महेंद्रगढ़ (हरियाणा) के मांदी गांव के रहने वाले देवांश यादव ने बहरोड़ सदर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। देवांश ने बताया- मैं और लोकेश (मृतक) भगवाड़ी कलां (बहरोड़) आए थे। ये लोकेश की दादी का पैतृक गांव है। लोकेश के चाचा सुनील के लड़का हुआ था। कुआं पूजन सोमवार को था। गाली-गलौज की आवाज आई तो बाहर गए
कार्यक्रम खत्म होने के बाद परिवार के सभी लोग बैठकर बातें कर रहे थे। इसी दौरान घर के बाहर से गाली-गलौज करने की आवाज आने लगी। लोकेश और सुनील बाहर निकले। देखा तो भगवाड़ी कलां का सोनू शर्मा और उसका साला नीमराना के तलवाना निवासी गौरव गाली-गलौज कर रहे थे। लोकेश और सुनील ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। बावजूद इसके विवाद बढ़ता गया। आरोप है कि सोनू ने पिस्तौल निकाली और गोली चला दी। सीने में गोली फंसी
गोली सीधे लोकेश के सीने में जा लगी। दोनों ने तीन राउंड फायर किए। पहली गोली लोकेश को, दूसरी दीवार पर लगी। तीसरा फायर देवांश पर किया गया था। वह बाल-बाल बच गया। दोनों आरोपी हवाई फायर करते हुए स्कॉर्पियो लेकर फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद परिजनों की मदद से लोकेश को हॉस्पिटल ले जाया गया। इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। लोकेश के शरीर में गोली फंसी हुई है, जिसे एक्स-रे जांच के बाद निकाला जाएगा। इसके बाद पोस्टमॉर्टम होगा। चाचा के घर पहुंचकर भी की फायरिंग
मर्डर करने के बाद आरोपी सोनू शर्मा करीब डेढ़ बजे अपने चाचा दिनेश शर्मा के यहां पहुंचा। दिनेश शर्मा ने बताया- यहां सोनू ने घर के दरवाजों पर लातें मारकर तोड़ने की कोशिश की। करीब 15 मिनट तक गाली-गलौज की और तीन-चार राउंड फायर किए। जान से मारने की धमकी देते हुए निकला
दिनेश ने बताया- सोनू ने धमकी दी थी कि एक मर्डर करके आया हूं। दो-चार को और मारूंगा, मर्डर चाहे एक करो या चार सजा उतनी ही होगी। हालांकि, पड़ोसियों के समझाने पर सोनू और गौरव वहां से निकल गए। एक और घर पर की फायरिंग
दोनों आरोपी गांव के ही संजय यादव के यहां पहुंचे। यहां भी सोनू ने दरवाजों पर लात मारी, गाली-गलौज की और दो-तीन राउंड फायर किए। गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
डीएसपी सचिन शर्मा ने बताया- घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए भगवाड़ी कलां गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची, सबूत जुटाए और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आरोपियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ———- राजस्थान में मर्डर की यह खबर भी पढ़िए… उधार नहीं चुकाया तो चाकू से किए ताबड़तोड़ वार, मौत: गुस्साए लोगों ने नेशनल हाईवे जाम किया बूंदी में उधार नहीं चुकाने पर एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। मर्डर जिले के हिंडौली थाना क्षेत्र के बड़ा नयागांव में सोमवार रात को किया गया। पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *