पन्ना जिले के एक वरिष्ठ सर्जन ने ऑपरेशन कर एक युवक के शरीर से करीब 500 ग्राम (आधा किलो) वजनी पथरी निकाली है। यह युवक पिछले 18 सालों से असहनीय दर्द और संक्रमण से जूझ रहा था। सफल ऑपरेशन के बाद अब युवक को इस पुराने दर्द से मुक्ति मिली। झोलाछाप डॉक्टरों के चक्कर में बढ़ गई बीमारी देवेंद्रनगर तहसील के ग्राम इटवा का रहने वाला बुद्ध सिंह ने बताया कि वह पिछले दो दशकों से पेशाब की नली में तकलीफ और पेट दर्द से परेशान था। सही जानकारी न होने के कारण वह लंबे समय तक झोलाछाप डॉक्टरों से इलाज कराता रहा। इसके बाद गलत इलाज और देरी की वजह से उसके शरीर के अंदर पथरी का आकार धीरे-धीरे इतना बड़ा हो गया कि वह आधा किलो वजन तक पहुंच गई। जांच देख हैरान रह गए डॉक्टर जब बुद्ध सिंह पन्ना के रिटायर्ड वरिष्ठ सर्जन डॉ. एच. एन. शर्मा के पास पहुंचा, तो शुरुआती जांच की रिपोर्ट देखकर डॉक्टर भी दंग रह गए। इतनी बड़ी पथरी का ऑपरेशन करना किसी चुनौती से कम नहीं था। इसके बाद डॉक्टर शर्मा ने शनिवार को घंटों चली सर्जरी के बाद इस विशालकाय पथरी को सफलतापूर्वक बाहर निकाल दिया। करियर का सबसे अनोखा मामला सफल ऑपरेशन के बाद डॉ. एचएन शर्मा ने बताया कि उन्होंने अपने लंबे करियर में सैकड़ों ऑपरेशन किए हैं, लेकिन आधा किलो की पथरी का यह पहला और सबसे अलग मामला था। आमतौर पर पथरियां बहुत छोटे आकार की होती हैं, लेकिन यह केस चिकित्सा की दृष्टि से काफी दुर्लभ था। मरीज की हालत खतरे से बाहर फिलहाल मरीज की हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर है। वर्षों पुराने दर्द से छुटकारा मिलने पर मरीज और उसके परिजनों ने डॉक्टर का आभार जताया है।


