युवक के सीने में गोली मारी, मौत:हत्यारा बोला- दो-चार को और मारूंगा, हवाई फायरिंग करते हुए भाग निकले स्कॉर्पियो सवार बदमाश

कोटपूतली-बहरोड़ में स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने युवक को गोली मार दी। गोली युवक के सीने में जा लगी, जिससे उसकी मौत हो गई। मर्डर करने के बाद बदमाश ने अपने चाचा समेत दो घरों के बाहर अलग-अलग जगह करीब 10 से 11 राउंड फायरिंग भी की। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए। मामला बहरोड़ सदर थाना क्षेत्र के भगवाड़ी कलां गांव में सोमवार रात करीब 1 बजे का है। मृतक की पहचान महेंद्रगढ़ (हरियाणा) के मांदी गांव निवासी लोकेश यादव (21) के रूप में हुई है। घटना के बाद से इलाके में तनाव है। इसे लेकर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। कुआं पूजन में आया था लोकेश
घटना को लेकर हरियाणा के देवांश यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। देवांश ने बताया- वो और लोकेश उसकी दादी के पैतृक गांव भगवाड़ी कलां आए थे। लोकेश के चाचा सुनील के लड़का हुआ था। जिसका कुआं पूजन समारोह था। गाली-गलौज की आवाज आई तो बाहर गए
कार्यक्रम खत्म होने के बाद परिवार के सभी लोग बैठकर बातें कर रहे थे। इसी दौरान घर के बाहर से तेज आवाजें आई। लोकेश और सुनील बाहर निकले। देखा तो भगवाड़ी कलां का सोनू शर्मा और उसका साला नीमराना के तलवाना निवासी गौरव गाली-गलौज कर रहे थे। काफी देर तक विवाद चलता रहा। इसके बाद सोनू ने पिस्तौल निकाली और गोली चला दी। लोकेश के सीने में लगी गोली
गोली सीधे लोकेश के सीने में जा लगी। दोनों ने तीन राउंड फायर किए, जिसमें से एक लोकेश के जा लगी, दूसरी दीवार पर और तीसरा फायर देवांश पर किया गया था, जिससे देवांश बाल-बाल बच गया। दोनों आरोपी हवाई फायर करते हुए स्कॉर्पियो लेकर फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद परिजनों की मदद से घायल लोकेश को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसने दम तोड़ दिया। लोकेश के शरीर में गोली फंसी हुई है, जिसे एक्स-रे जांच के बाद निकाला जाएगा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। चाचा के घर पहुंचकर भी की फायरिंग
मर्डर करने के बाद आरोपी सोनू शर्मा करीब डेढ़ बजे अपने चाचा दिनेश शर्मा के यहां पहुंचा। दिनेश शर्मा ने बताया- यहां सोनू ने घर के दरवाजों पर लातें मारकर तोड़ने की कोशिश की। करीब 15 मिनट तक गाली-गलौज की और तीन-चार राउंड फायर किए। जान से मारने की धमकी देते हुए निकला
दिनेश ने बताया- सोनू ने धमकी दी थी कि एक मर्डर करके आया हूं। दो-चार को और मारूंगा, मर्डर चाहे एक करो या चार सजा उतनी ही होगी। हालांकि, पड़ोसियों के समझाने पर सोनू और गौरव वहां से निकल गए। एक और घर पर की फायरिंग
इसके बाद दोनों आरोपी संजय यादव के यहां पहुंचे। यहां भी सोनू ने दरवाजों के लातें मारी, गाली-गलौज की और दो-तीन राउंड फायर किए। गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
डीएसपी सचिन शर्मा ने बताया- घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए भगवाड़ी कलां गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची, सबूत जुटाए और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आरोपियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बहरोड सदर पुलिस ने आरोपियों पर हत्या और हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। घटनास्थल पर एफएसएल की टीम भी पहुंची है। प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश का परिणाम बताया जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *